7 हजार रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, वे नॉन-इमरजेंसी मेडिकल सेवाएं नहीं देंगे
मुंबई। न्यूज डेस्क। महाराष्ट्र के सरकारी कॉलेजों के सात हजार से ज्यादा रेजिडेंट डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर सोमवार को हड़ताल पर चले गए हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाएंगी, तब तक वे महाराष्ट्र के सरकारी अस्पताल में नॉन इमरजेंसी सर्विसेस नहीं देंगे। जाहिर है कि इस हड़ताल के कारण राज्य में गैर-आपातकालीन सेवाएं ठप हो गई हैं । Maharashtra Resident Doctors की मांगों में छात्रावासों की गुणवत्ता में सुधार करना, असिस्टेंट और एसोसिएट प्रोफेसर के खाली पदों को भरना शामिल है।
महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (एमएआरडी) ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान न देकर आपातकालीन सेवाओं को बंद करने पर विचार करने के लिए उन्हें मजबूर कर रही है। जब कोरोना वायरस का वैरिएंट ओमीक्रॉन के नए सब-वैरिएंट को लेकर आशंकाएं हैं।
MARD ने बुलाई हड़ताल
MARD ने हड़ताल का आह्वान किया है. उसका दावा है कि सरकारी कॉलेजों के स्टूडेंट्स हॉस्टल की खराब गुणवत्ता के कारण परेशानी का सामना कर रहे हैं.
रेजिडेंट डॉक्टर्स ने मेडिकल कॉलेजों में 1,432 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर्स की भर्ती के साथ-साथ एसोसिएट और असिस्टेंट प्रोफेसर के खाली पदों को भरने की मांग की भी है। एमएआरडी ने कहा कि अगर उनकी मांगें मान ली जाती हैं तो इससे राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को काफी फायदा होगा।
एमएआरडी के अध्यक्ष अविनाश दहिफले ने कहा कि एसोसिएशन को बातचीत के लिए राज्य सरकार से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। सरकारी और नगर निकाय के अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टरों की अहम भूमिका रहती है।
पत्रकारों से बात करते हुए, राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि उन्होंने रेज़िडेंट डॉक्टरों से बात करने को कहा है और उनसे मामले को नहीं खींचने का आग्रह किया है।
महाराष्ट्र स्वास्थ्य मंत्री महाजन ने कहा कि ‘हड़ताली डॉक्टरों की आधी मांगों को तुरंत मंजूर किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) को मरम्मत कार्यों के लिए 12 करोड़ रुपये दिए गए हैं। हम हर चीज को लेकर सकारात्मक हैं। उन्हें (डॉक्टरों को) हड़ताल पर जाने से पहले हमसे बात करनी चाहिए थी।