मोहला। केजन साहू । मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के आदिवासी अंचल की होनहार बेटी कुमारी गीतांजलि चौधरी ने नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर जिले, छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन किया है।
ग्राम खड़गांव निवासी गीतांजलि चौधरी, पिता तरुण चौधरी एवं दादा गजानंद चौधरी की सुपुत्री हैं। उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए नेपाल के पोखरा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता की क्योरगी स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा प्योंसी स्पर्धा में रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, श्रीलंका, भूटान, बांग्लादेश और ब्राजील सहित छह देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। गीतांजलि ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी मुकाबलों में सफलता हासिल करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया और भारत का गौरव बढ़ाया।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से विजयी होकर अपने गृहग्राम खड़गांव पहुंचने पर गीतांजलि का ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और भव्य स्वागत के साथ अभिनंदन किया। उनकी उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर सांसद संतोष पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह गीतांजलि के निवास पहुंचे और उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आदिवासी अंचल की बेटियां प्रतिभा, परिश्रम और साहस के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रही हैं। गीतांजलि की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
जनप्रतिनिधियों ने गीतांजलि के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आने वाले समय में ओलंपिक जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए और भी बड़े सम्मान अर्जित करेंगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, मदन साहू, राजू टांडिया, रेणु टांडिया, नसिंग भंडारी, राजू गुजराती, नेहरू रजक, आशीष द्विवेदी, किशोर हटभैया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।