चेन्नई | न्यूज़ डेस्क | तमिलनाडु के कोयंबटूर में चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 19 साल की लड़की को एक 17 साल के नाबालिग लड़के से प्यार हो गया और फिर उससे शादी कर ली. शादी के बाद वह मुसीबत में फंस गई है, क्योंकि उसके खिलाफ गंभीर यौन अपराध की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया. बाद में उसे विशेष अदालत में पेश किया गया और कोयंबटूर केंद्रीय जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है |
पेट्रोल पंप पर काम करने के दौरान हुआ प्यार
न्यूज एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि लड़की ने 10वीं क्लास में फेल होने के बाद अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी और कोयंबटूर के पोलाची में पेट्रोल पंप पर नौकरी करने लगी थी. वहीं 12वीं की पढ़ाई पूरी करने बाद लड़का भी उसी पेट्रोल पंप पर काम करता था. इस दौरान लड़की को लड़के से प्यार हो गया और बाद में वह उसके साथ डिंडीगुल चली गई |
लड़के के मां ने दर्ज कराई यौन शोषण की शिकायत
पुलिस ने बताया कि लड़की ने डिंडीगुल में ही अपने से 2 साल छोटे लड़के के साथ शादी की और वापस कोयंबटूर लौट आए जहां वे किराए के मकान में रहने लगे. लड़के की मां ने पुलिस के सामने यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई है. जब महिला को शिकायत का पता चला तो उसने महिला थाने में आत्मसमर्पण कर दिया |