September 12, 2026

Join With Us


एमजीएम स्कूल के विद्यार्थियों ने किया बीएसपी की पुस्तकालयों का शैक्षणिक भ्रमण

प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विविध अध्ययन सामग्री ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह




भिलाई | नईमुद्दीन खान | एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल, वैशाली नगर, भिलाई के कक्षा XI एवं XII के 56 विद्यार्थियों ने भिलाई इस्पात संयंत्र की सार्वजनिक पुस्तकालय एवं एचआर-एलएंडडी केंद्रीय पुस्तकालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल के अनुरोध पर आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकालयों में उपलब्ध विभिन्न प्रकार की पुस्तकों, संदर्भ सामग्री एवं अध्ययन संसाधनों से परिचित कराना था।

एचआर-एलएंडडी केंद्रीय पुस्तकालय में एचआर-एलएंडडी, बीएसपी की सेक्शन एसोसिएट (एसए) नीतू सिंह ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय एवं वहां उपलब्ध पुस्तक संग्रह की जानकारी दी। यह कार्यक्रम सहायक प्रबंधक (एचआर-एलएंडडी, बीएसपी)सैफुद्दीन फजली के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने शैक्षणिक एवं संदर्भ पुस्तकों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री में विशेष रुचि दिखाई। विशेष रूप से नीट तथा अन्य प्रवेश एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित पुस्तकों ने विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया। मानव संसाधन लर्निंग एंड डेवलपमेंट सुविधा परिसर में स्थित एचआर-एलएंडडी केंद्रीय पुस्तकालय बीएसपी कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के लिए अध्ययन एवं ज्ञानार्जन का महत्वपूर्ण केंद्र है। पुस्तकालय में व्यावसायिक अध्ययन, शैक्षणिक गतिविधियों, कौशल विकास एवं ज्ञानवर्धन से संबंधित विविध संसाधन उपलब्ध हैं।

विद्यार्थियों ने बीएसपी सार्वजनिक पुस्तकालय का भी भ्रमण किया। आम जनता के लिए उपलब्ध यह पुस्तकालय पठन-पाठन एवं ज्ञानार्जन के लिए महत्वपूर्ण सामुदायिक संसाधन के रूप में कार्य करता है। यहां विभिन्न विषयों एवं रुचियों से संबंधित पुस्तकों तथा संदर्भ सामग्री का संग्रह उपलब्ध है, जो पाठकों को स्व-अध्ययन एवं विभिन्न विषयों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पुस्तकालय में उपलब्ध अध्ययन सामग्री के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों में विशेष उत्साह दिखाया। उच्च शिक्षा की तैयारी के महत्वपूर्ण चरण में पहुंच चुके विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की अध्ययन सामग्री विशेष रूप से उपयोगी रही।

एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल की शिक्षिका एम. पुण्यवती रेड्डी ने इस पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को बीएसपी की पुस्तकालय सुविधाओं से परिचित कराने का अवसर प्रदान करने के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रति आभार व्यक्त किया। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में पठन-पाठन एवं स्व-अध्ययन की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें उपलब्ध ज्ञान संसाधनों से परिचित कराने की दिशा में एक सार्थक पहल रही।






Banner
+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement













Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE