नीले रंग की एक्टिवा से जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा शख्स, बोला-‘ राष्ट्रपति ने की नियुक्ति, मैं नया कलेक्टर’
पुलिस जब युवक को थाने ले जा रही थी, तभी अपने आप को कलेक्टर बताने वाला युवक मौका देख फरार हो गया। अब पुलिस स्कूटी के नंबर के आधार पर युवक की तलाश में जुटी है
भोपाल । न्यूज डेस्क । मध्यप्रदेश के ग्वालियर के कलेक्ट्रेट कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शख्स खुद को जिले का नया कलेक्टर होने का दावा करने लगा। वह कहने लगा कि उसकी नई नियुक्ति हुई है और कार्यालय में पदभार संभालने आया है ।
हालांकि, वहां मौजूद स्टेनो को युवक की हरकत पर शक हुआ तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को थाने ले जा रही थी। इसी बीच, मौका देखकर वह फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है ।
दरअसल, शुक्रवार सुबह ग्वालियर कलेक्ट्रेट कार्यालय में एक शख्स अपने आप को जिले का नया कलेक्टर बताते हुए स्कूटी से कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचा और कलेक्टर के स्टेनो अभिषेक तिवारी से कहने लगा कि मैं ग्वालियर कलेक्टर हूं। ज्वाइन कराइए इसके साथ ही स्टेनो से कहने लगा कि चेंबर दिखाइए। इस पर स्टेनो अभिषेक तिवारी ने कहा कि ऐसी कोई भी जानकारी अभी ऑफिस में प्राप्त नहीं हुई है।अपना जॉइनिंग लेटर दिखाइए। इस पर फर्जी कलेक्टर ने कहा कि उसका अनुमोदन डायरेक्ट राष्ट्रपति जी ने किया है। यह बात सुनकर स्टॉफ के होश उड़ गए स्टॉफ ने पुलिस को इस बात की सूचना दी।
विज्ञापन
पुलिस को चकमा देकर भागा
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया। लेकिन जब पुलिस उसको थाने ले जा रही थी, तभी अपने आप को कलेक्टर बताने वाला युवक मौका देख फरार हो गया। अब पुलिस स्कूटी के नंबर के आधार पर युवक की तलाश में जुटी है। युवक का नाम एम शाक्य बताया जा रहा है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवक से पूछताछ के बाद ही पता चल पाएगा कि उसने आखिर इस तरीके की हरकत क्यों की। इस संबंध में कलेक्ट्रेट कार्यालय से भी पूरी जानकारी ली गई है।