देश में पहली बार 3.32 लाख नए कोरोना केस आए
नई दिल्ली | आकांशा त्रिपाठी | कोरोना संक्रमण के मामले में भारत अब अमेरिका से भी आगे निकल गया है | दुनिया में रिकॉर्ड सबसे ज्यादा केस भारत में आ रहे हैं | स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 332,730 नए कोरोना केस आए और 2263 संक्रमितों की जान चली गई है | हालांकि 193,279 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं | इससे पहले बुधवार को देश में 314,835 नए केस आए थे | अमेरिका में 8 जनवरी को एक दिन में सबसे ज्यादा तीन लाख सात हजार केस दर्ज किए गए थे |
देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-
कुल कोरोना केस- एक करोड़ 62 लाख 63 हजार 695
कुल डिस्चार्ज- एक करोड़ 36 लाख 48 हजार 159
कुल एक्टिव केस- 24 लाख 28 हजार 616
कुल मौत- 1 लाख 86 हजार 920
कुल टीकाकरण- 13 करोड़ 54 लाख 78 हजार 420 डोज दी गई
दिल्ली में कोरोना से मौतों का नया रिकॉर्ड
राजधानी में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना से 306 लोगों की मौत हो गई. दिल्ली में अभी तक 1 दिन में कोरोना के कारण होने वाली मौतों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है. इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना पॉजिटिविटी दर बढ़कर 36 फीसदी से अधिक हो गई है. गुरुवार को सामने आए नतीजों के मुताबिक, दिल्ली में 24 घंटे के दौरान 26 हजार से अधिक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं.