बालाघाट | न्यूज़ डेस्क | जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की निरंतर बढ़ती जा रही संख्या को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन तत्परता के साथ कोविड मरीजों के उपचार की सुविधाओं में विस्तार कर रहा है। इसी कड़ी में मुलना स्टेडियम बालाघाट के कराते प्रशिक्षण केन्द्र एवं बैडमिंटन हाल में कुल 80 बेड का कोविड अस्पताल तैयार कर लिया गया है। कलेक्टर दीपक आर्य ने आज 16 अप्रैल को नये तैयार हुए कोविड अस्पताल का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए मुलना स्टेडियम के कराते प्रशिक्षण केन्द्र में 45 बेड एवं बैडमिंटन हाल में 35 बेड का कोविड अस्पताल तैयार किया गया है। यह सभी 80 बेड आक्सीजन सुविधा से सुसज्जित है। आज 16 अप्रैल 2021 से यह नया कोविड अस्पताल प्रारंभ हो रहा है और इसमें कोविड मरीजों को भर्ती करना प्रारंभ कर दिया जायेगा। इस कोविड अस्पताल के बनने से जिले में कोविड के मरीजों के लिए बेड की कमी नहीं होगी । कलेक्टर श्री दीपक आर्य के मार्गदर्शन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री अरूण श्रीवास्तव एवं जिला शिक्षा केन्द्र के सहायक यंत्री भास्कर शिव ने इस नये कोविड अस्पताल को अल्प समय में तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।