दुर्ग | सोनम कौर | नगर पालिक निगम,महापौर अलका बाघमार के मार्गदर्शन में आज पर्यावरण एवं उद्यानिकी प्रभारी काशीराम कोसरे द्वारा पार्षद सावित्री दमाहे,कार्यपालन अभियंता मोहम्मद सलीम सिद्दीकी,सहायक अभियंता हरिशंकर साहू, उपअभियंता पंकज साहू, उद्यान प्रभारी अनिल सिंह एवं पुरषोत्तम साहू की उपस्थिति में पर्यावरण एवं उद्यानिकी समिति की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक में शहर के पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार तथा नगर के उद्यानों के रखरखाव एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तारपूर्वक चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में प्रभारी काशीराम कोसरे ने कहा कि समिति के समक्ष निकाय क्षेत्र एवं डिवाइडरों में पौधरोपण तथा पौधों की खरीदी से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। सदस्यों ने इस विषय पर विस्तृत विचार-विमर्श करते हुए शासन द्वारा जारी 15वें वित्त आयोग एवं वायु गुणवत्ता सुधार मद के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख मार्गों के डिवाइडरों में उपयुक्त स्थलों का चयन कर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराने की अनुशंसा की। समिति ने कहा कि इस पहल से शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार होगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। बैठक में उन्होंने कहा कि छ.ग. भूमि विकास निगम 1994 के नियम 64 के बनूसार 100 वर्गमीटर के क्षेत्र पर 01 वृक्ष की दर से वृक्षारोपण किया जाना होगा।
बैठक में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न उद्यानों की साफ-सफाई, नियमित रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण पर भी विशेष चर्चा की गई। समिति ने शहर के उद्यानों को अधिक आकर्षक एवं नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से आवश्यक संधारण एवं उन्नयन कार्य कराए जाने की अनुशंसा की। इसके लिए उद्यान उन्नयन एवं संधारण मद से 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
समिति ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के सभी उद्यानों की नियमित निगरानी करते हुए साफ-सफाई, पौधों की सुरक्षा, सिंचाई व्यवस्था तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित वातावरण उपलब्ध हो सके। नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं सार्वजनिक उद्यानों के उन्नयन की दिशा में निरंतर कार्य किए जाते रहेंगे।