June 22, 2026

Join With Us


रेलवे आधुनिकीकरण पर एस्टीमेट कमेटी की बैठक में सांसद बृजमोहन : कोंडागांव, जगदलपुर से जोड़ते हुए विशाखापट्टनम तक विस्तार की मांग

दुर्ग-पुरी और रायपुर-अंबिकापुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग




रायपुर | मिनल केडेकर | नई दिल्ली में सोमवार को एस्टीमेट कमेटी  की बैठक में रायपुर सांसद एवं समिति सदस्य बृजमोहन अग्रवाल ने भारतीय रेलवे में आधुनिकीकरण योजना पर चर्चा के दौरान छत्तीसगढ़ से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों को मजबूती से उठाया। रेल मंत्रालय के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा रेलवे के आधुनिकीकरण से संबंधित योजनाओं की प्रस्तुति के बाद सांसद अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव समिति के समक्ष रखे। बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब लंबे समय से प्रतीक्षित "रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना" को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू किया जाए।  उन्होंने कहा कि यह परियोजना बस्तर क्षेत्र के विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी।

बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए दुर्ग-पुरी तथा रायपुर-अंबिकापुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस प्रारंभ करने की मांग रखी। साथ ही बिलासपुर से नई दिल्ली के बीच संचालित राजधानी एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने  की आवश्यकता पर बल दिया ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। साथ ही उन्होंने रायपुर-धमतरी रेल लाइन को कांकेर, कोंडागांव, जगदलपुर होते हुए विशाखापट्टनम तक विस्तारित करने का प्रस्ताव रखते हुए इसे क्षेत्रीय विकास और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के सात राज्यों से जुड़ा हुआ है, इसलिए इन सभी राज्यों के साथ रेल संपर्क को और मजबूत किया जाना चाहिए। सांसद अग्रवाल ने रेलवे भूमि पर वर्षों से निवास कर रहे जरूरतमंद परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने तथा इसके लिए उपयुक्त भूखंड चिन्हित करने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ मानवीय दृष्टिकोण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

बैठक में उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में चल रहे निर्माण कार्यों को आधुनिक तकनीक और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया। इसके साथ ही रायपुर स्थित वैगन रिपेयरिंग वर्कशॉप को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने यह भी मांग की कि राज्य में जहां-जहां नई रेल लाइनें बिछाई जा रही हैं, वहां केवल माल परिवहन ही नहीं बल्कि यात्री परिवहन को भी समान प्राथमिकता दी जाए, ताकि स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। सांसद अग्रवाल ने कोरोना काल से पूर्व जिन प्रमुख ट्रेनों का ठहराव तिल्दा, भाटापारा सहित अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होता था, उन्हें पुनः बहाल करने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी और क्षेत्रीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

रायपुर शहर के तेजी से बढ़ते विस्तार का उल्लेख करते हुए सांसद बृजमोहन ने रेलवे की भूमि से सड़क निर्माण के लिए राज्य सरकार को आवश्यक अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि डब्ल्यूआरएस और आरवीएच कॉलोनी क्षेत्र में सड़क निर्माण से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सकेगी। बैठक में सांसद  बृजमोहन अग्रवाल द्वारा उठाए गए विषयों को छत्तीसगढ़ के विकास, बेहतर रेल संपर्क, यात्री सुविधाओं और आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



Related Post


+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement









Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE