नई दिल्ली। न्यूज़ डेस्क | देशभर में कल यानी 21 जून को एक शिफ्ट में NEET UG Re-Exam आयोजित कराई जाएगी। परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं। अब ऐसे में नागपुर से एडमिट कार्ड में हुई गलती का एक मामला सामने आया है। दरअसल नागपुर के एक छात्र के नीट यूजी परीक्षा के एडमिट कार्ड में अबू धाबी में स्थित परीक्षा केंद्र का नाम उल्लेख है। छात्र का नाम अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब है।
अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब ने नीट यूजी की परीक्षा में शामिल होने के लिए जब अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तो उसमें संयुक्त अरब अमीरात के आबू धाबी में स्थित एक एग्जाम सेंटर के बार में उल्लेख किया गया था। इ,स घटना ने परीक्षा से पहले सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।
नागपुर के लिए किया था आवेदन
तमाम मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो नागपुर के रहने वाले अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब ने नीट यूजी परीक्षा के लिए भारत में ही परीक्षा के लिए आवेदन किया था। हैरानी की बात यह है कि अब्दुल्ला के पास पासपोर्ट नहीं है, जिसके कारण उनके लिए भारत से बाहर जाकर परीक्षा देना असंभव है।
एनटीए ने क्या कहा
एडमिट कार्ड में हुई गलती के बारे में पता चलने के बाद एनटीए ने अपनी गलती को स्वीकार किया और कहा यह समस्या तकनीकी खराबी के कारण हुई है। इसके अलावा, एनटीए ने छात्र के परिवार को आश्वाशन देते हुए यह भी कहा कि एडमिट कार्ड में जल्द से जल्द सुधार किया जाएगा और छात्र को परीक्षा केंद्र के साथ संशोधित एडमिट कार्ड भी दिया जाएगा। अब्दुल्ला के परिवार ने बताया है कि उन्हें एनटीए की ओर से एक मेल प्राप्त हुआ है, जिसमें आज शाम तक एडमिट कार्ड में हुई गलती को ठीक करने के लिए कहा गया है।