दुर्ग । जगजीत सिंह। छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के तत्वाधान में जिला कबड्डी संघ, कवर्धा के सहयोग से कवर्धा में दिनांक 04 नवम्बर, 2022 से 06 नवम्बर, 2022 तक आयोजित 22वीं जूनियर (बालक एवं बालिका) कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग एवं बीएसपी कबड्डी क्लब द्वारा पंत स्टेडियम, सेक्टर-1 के कबड्डी ग्राउंड पर 21 अक्टूबर 2022 को संध्या 5 बजे से बीएसपी (बालक एवं बालिका) टीम के चयन हेतु स्पर्धा आयोजित की गई है।
कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ी (बालक) का वजन 70 किग्रा. या उससे कम तथा उम्र दिनांक 20 नवम्बर, 2022 या उसके पश्चात 20 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसी प्रकार खिलाड़ी (बालिका) का वजन 65 किग्रा. या उससे कम तथा उम्र दिनांक 20 नवम्बर, 2022 या उसके पश्चात 20 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। निर्धारित पात्रता प्राप्त प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
अतः जो कार्मिक खिलाड़ी/वार्ड/भिलाई परिधीय क्षेत्र के युवा खिलाड़ी जो इस चयन स्पर्धा में भाग लेना चाहते हैं, वे दिनांकः 21 अक्टूबर, 2022 को संध्या 5.00 बजे से पूर्व पंत स्टेडियम, सेक्टर-1 के कबड्डी ग्राउंड पर चयनकर्ताओं के पास अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं। इस कबड्डी स्पर्धा के चयनकर्ता राधेश्याम भारद्वाज एवं पुरूषोत्तम रेड्डी है।इस चयन स्पर्धा के प्रभारी सहायक प्रबंधक (क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं) अभिजीत भौमिक होंगे।