नई दिल्ली | न्यूज़ डेस्क | इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) को भारतीय मूल के अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी के नेतृत्व वाली कंसोर्टियम ने 1.63 बिलियन डॉलर यानी करीब 15,290 करोड़ रुपये में खरीद लिया है। आरआर की इस मेगा डील के बाद दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न (Shane Warne) का नाम सुर्खियों में हैं। फ्रेंचाइजी की बिक्री के बाद वॉर्न के बच्चों को उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा आर्थिक फायदा मिलने वाला है। ऐसे में जानते हैं आरआर की बिक्री के बाद कैसे शेन वॉर्न के परिवार को 450 करोड़ रुपये मिलेंगे | ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न (Shane Warne) सिर्फ गेंद से जादू करने वाले खिलाड़ी ही नहीं थे, बल्कि दूर की सोच रखने वाले शख्स भी थे। इसका एक बेहतरीन उदाहरण उस समय सामने आया जब उन्होंने साल 2008 यानी आईपीएल के पहले सीजन में राजस्थान रॉयल्स की कमान संभाली थी। बताया जाता है कि टीम के साथ अपने अनुबंध में वॉर्न ने एक ऐसी शर्त शामिल करवाई थी, जिसका फायदा अब करीब दो दशक बाद उनकी फैमिली को मिलने जा रहा है।
काल सोमानी ने खरीदी RR टीम
राजस्थान रॉयल्स की वैल्यूएशन में भारी उछाल आया है। यूएस आधारित एक कंसोर्टियम, जिसका नेतृत्व कल सोमानी कर रहे हैं, ने इस फ्रेंचाइजी को लगभग 1.63 बिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 15,290 करोड़ रुपये) में खरीदा है।
2008 में जब राजस्थान रॉयल्स ने वॉर्न को साइन किया था, तब उन्हें सिर्फ कप्तानी ही नहीं, बल्कि टीम के क्रिकेट संचालन की पूरी जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। इसी डील के तहत वॉर्न को हर साल टीम के लिए खेलने पर 0.75% हिस्सेदारी देने का प्रावधान रखा गया था। चार सीजन में उनकी करीब 9.35 करोड़ रुपये आरआर से प्लेयर्स सैलरी के तौर पर मिले थे। वॉर्न ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें कप्तान, कोच और टीम मैनेजर, तीनों भूमिकाएं निभाने की परमिशन दी गई थी। वह टीम के लिए ‘वन-स्टॉप सॉल्यूशन’ की तरह काम कर रहे थे।
वॉर्न के परिवार को फायदा
वॉर्न ने राजस्थान रॉयल्स के साथ चार सीजन बिताए और 2008 में टीम को आईपीएल का पहला खिताब जिताया। इस दौरान उनकी हिस्सेदारी बढ़कर कुल 3% हो गई। अब जब फ्रेंचाइजी की कीमत आसमान छू रही है, तो ये हिस्सेदारी करीब 450 से 460 करोड़ रुपये के बीच बैठती है। वॉर्न के परिवार को ये हिस्सेदारी आईपीएल 2026 के बाद बेचने की परमिशन मिल सकती है, हालांकि इसके लिए बीसीसीआई की मंजूरी जरूरी होगी। 2008 में राजस्थान रॉयल्स को मनोज बदले की अगुवाई वाली इमर्जिंग मीडिया ने महज 67 मिलियन डॉलर में खरीदा था।