मुंबई | न्यूज़ डेस्क | आईपीएल के 13वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने राजस्थान रॉयल्स को चार विकेट से हरा दिया है। मुंबई के वानखेड़े में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 169 रन बनाए। जवाब में बैंगलोर की टीम ने 19.1 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दिनेश कार्तिक और शाहबाज अहमद की तूफानी पारी ने राजस्थान के हाथों से मैच छीन लिया।
एक वक्त बैंगलोर की टीम ने 12.3 ओवर में 87 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कार्तिक और शाहबाज ने 33 गेंदों पर 67 रन की साझेदारी कर मैच बैंगलोर की झोली में डाल दिया। कार्तिक 23 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, शाहबाज ने 26 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली।
यह इस आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की पहली हार है। टीम तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक की बदौलत प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर मौजूद है। वह नेट रन रेट में सबसे आगे है। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम तीन मैचों में दो जीत और एक हार और चार अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की शुरुआत खराब रही। यशस्वी जायसवाल चार रन बनाकर आउट हुए। उन्हें डेविड विली ने क्लीन बोल्ड किया। यशस्वी छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 49 गेंदों पर 70 रन की साझेदारी निभाई।
इस दौरान राजस्थान की पारी के सातवें ओवर में बटलर को दो जीवनदान मिले। एक कैच खुद अपनी बॉलिंग पर आकाश दीप ने और एक कैच डेविड विली ने छोड़ी। इसकी अगली ही गेंद पर बटलर ने छक्का लगाकर बैंगलोर के जख्म पर नमक छिड़का। पडिक्कल और बटलर की साझेदारी को हर्षल पटेल ने तोड़ा। हर्षल ने पडिक्कल को कोहली के हाथों कैच कराया।
पडिक्कल 29 गेंदों पर 37 रन बनाकर आउट हुए। इसमें दो चौके और दो छक्के शामिल हैं। इसके बाद कप्तान संजू सैमसन आठ गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। सैमसन हसरंगा को ब्लफ करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन हसरंगा ने उन्हें अपनी मिस्ट्री गेंद पर उलझा लिया। 86 पर तीन विकेट गिरने के बाद बटलर ने शिमरोन हेटमायर के साथ मिलकर राजस्थान को 20 ओवर में 169 रन तक पहुंचाया।
62 रन तक बैंगलोर ने चार विकेट गंवा दिए थे। शेरफेन रदरफोर्ड भी पांच रन बनाकर नवदीप सैनी की गेंद पर आउट हुए। 87 पर पांच विकेट गिरने के बाद शाहबाज अहमद और दिनेश कार्तिक ने मैच पलट दिया। इन दोनों ने छठे विकेट के लिए 33 गेंदों पर 67 रन की साझेदारी निभाई। दोनों ने 14वें और 15वें ओवर को मिलाकर बैंगलोर ने 37 रन बटोरे। 14वें ओवर में अश्विन ने 21 और 15वें ओवर में नवदीप सैनी ने 16 रन लुटाए। यहीं से मैच पलट गया।
शाहबाज 26 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के की मदद से 45 रन की बेहतरीन पारी खेली। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने बोल्ड किया। दिनेश कार्तिक ने 23 गेंदों पर 44 रन की पारी खेली। इसमें सात चौके और एक छक्का शामिल है। राजस्थान की ओर से ट्रेंट बोल्ट और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट लिए। नवदीप सैनी को एक विकेट मिला।