मुंबई | न्यूज़ डेस्क | चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पास विराट कोहली और रोहित शर्मा की लिस्ट में शामिल होने का शानदार मौका है। आईपीएल 2022 का आगाज आज गत विजेता चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले जाने वाले पहले मैच से होगा। अगर इस मैच में धोनी 65 रन बना लेते हैं तो वह टी20 क्रिकेट में अपने 7000 रन पूरा कर लेंगे। धोनी ऐसा करने में कामयाब होते हैं तो वह टी20 क्रिकेट में 7000 रन का आंकड़ा छूने वाले 6ठें खिलाड़ी बन जाएंगे।
अभी तक इस मुकाम तक RCB के पूर्व कप्तान विराट कोहली (10273), रोहित शर्मा (9895), शिखर धवन (8775), सुरेश रैना (8654) और रॉबिन उथप्पा (7042) पहुंचे हैं।
धोनी के करियर की बात करें तो अभी तक खेले 347 टी20 मैचों में उन्होंने 38.31 के औसत और 134.37 के स्टाइकरेट के साथ 6935 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 27 अर्धशतक भी लगाए हैं।
आईपीएल 2022 के शुरू होने से दो दिन पहले धोनी ने कप्तानी भी छोड़ दी है, उनकी जगह रविंद्र जडेजा को कप्तान नियुक्त किया गया है। धोनी जडेजा को उसी तरह तैयार करेंगे जैसे उन्होंने टीम इंडिया के लिए विराट कोहली को तैयार किया था।
बात मुकाबले की करें तो आईपीएल में सीएसके का पलड़ा हमेशा से ही केकेआर पर भारी रहा है। अभी तक इन दोनों टीमों के बीच 26 मैच खेले गए हैं जिसमें से 17 मुकाबले जीतकर चेन्नई ने अपना दबदबा बनाया हुआ है। वहीं केकेआर को सिर्फ 8 ही मैचों में जीत मिली है।
केकेआर ने नीलामी में श्रेयस अय्यर को 12.25 करोड़ रुपए की मोटी रकम खर्च कर अपनी टीम में शामिल किया है और उन्हें अपना कप्तान भी नियुक्त किया है। अब देखना होगा कि अय्यर इस रिकॉर्ड को बदल पाते हैं या नहीं।