मुंबई | न्यूज़ डेस्क | भारत ने जीत के साथ विश्व कप का आगाज किया है। पहले मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हरा दिया। अब भारतीय टीम 10 मार्च को मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
महिला विश्व कप में भारत ने जीत के साथ आगाज किया है। अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 107 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 244 रन बनाए थे। स्मृति मंधाना ने 52 रन, दीप्ति शर्मा ने 40 रन, पूजा वस्त्रकर ने 67 रन और स्नेह राणा ने नाबाद 53 रन की पारी खेली थी।
जवाब में पाकिस्तान की टीम 43 ओवर में 137 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से सिदरा अमीन ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। वहीं, भारत की ओर से राजेश्वरी गायकवाड़ ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 31 रन देकर चार विकेट झटके। इसके अलावा झूलन गोस्वामी और स्नेह राणा को दो-दो विकेट मिले। मेघना और दीप्ति ने एक-एक खिलाड़ी को पवेलियन भेजा।
आंकड़ों की बात करें तो भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में लगातार 11वीं जीत हासिल की। टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ सभी 11 मुकाबले जीते हैं। वहीं, महिला वनडे विश्व कप में दोनों टीमों के बीच चार मुकाबले खेले गए हैं। भारत ने चारों मैच में पाकिस्तान को हराया है। फैन्स एक हाईवोल्टेज मुकाबले की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन भारतीय टीम ने इसे एकतरफा बना दिया।
पाकिस्तान की महिला टीम का विश्व कप में रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। टीम 16 मार्च 2009 से लेकर अब तक विश्व कप में 15 मैच खेल चुकी है और सभी में हार का सामना करना पड़ा है।
36वें ओवर में 113 के स्कोर पर पाकिस्तान को आठवां झटका लगा। राजेश्वरी गायकवाड़ ने घातक गेंदबाजी करते हुए चौथी सफलता हासिल की। उन्होंने सिदरा नवाज को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। सिदरा 19 गेंदों पर 12 रन बना सकीं। 36 ओवर के बाद पाकिस्तान ने आठ विकेट गंवाकर 113 रन बना लिए हैं। पाकिस्तान को अब जीत के लिए 132 रन की जरूरत है। वहीं, भारत को सिर्फ दो विकेट चाहिए।