मुंबई | न्यूज़ डेस्क | भारत और श्रीलंका के बीच मोहाली में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। आज मैच का तीसरा दिन है और भारतीय टीम के पास अभी भी मजबूत बढ़त है। हालांकि श्रीलंका ने चार विकेट खोकर 150 रन बना लिए हैं। पथुम निसंका ने अपना पांचवा टेस्ट अर्धशतक लगाया।
जसप्रीत बुमराह ने दिन की पहली सफलता हासिल कर ली है। उन्होंने चरिथ असलंका को अपनी अंदर आती गेंद से चकमा दिया और एलबीडब्लू आउट किया। हालांकि फील्ड अंपायर ने नॉट आउट दिया था लेकिन रोहित ने रिव्यू लिया और फैसला भारत के पक्ष में गया। असलंका 64 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हुए।
पथुम निसंका और चरिथ असलंका ने मिलकर शानदार बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के लिए एक अहम साझेदारी कर ली है। दोनों के बीच में पांचवें विकेट के लिए 50 रन से अधिक की साझेदारी हो चुकी है।
श्रीलंकाई बल्लेबाज पाथुम निसंका ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 108 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का पांचवा अर्धशतक लगाया।
श्रीलंका ने अभी तक सधी हुई बल्लेबाजी की है। निसंका और असलंका ने मिलकर अश्विन और शमी का डटकर सामना किया है और उन्हें किसी भी तरह का कोई मौका नहीं दिया है। भारत ने भी अब दिन का पहला बदलाव करते हुए जसप्रीत बुमराह को गेंद थमाई है।
भारत ने अभी तक गेंदबाजी में कोई बदलाव नहीं किया है और मोहम्मद शमी के साथ अश्विन आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि श्रीलंकाई बल्लेबाजों को कोई खास दिक्कत नहीं हो रही है।
भारत के लिहाज से दूसरा दिन बहुत शानदार रहा। दिन का खेल शुरू होने के बाद अश्विन और जाडेजा की स्पिन जोड़ी ने बल्ले के साथ कमाल किया। दोनों ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए स्कोर को 400 के पार पहुंचाया। अश्विन अर्धशतक बनाकर पवेलियन लौट गए और जयंत उनके पीछे-पीछे चले गए। हालांकि दूसरे छोर पर मजबूती से खड़े रहे जडेजा ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए अपना शतक पूरा किया। उन्होंने मोहम्मद शमी के साथ शतकीय साझेदारी निभाते हुए टीम के स्कोर को 500 के पार पहुंचाया और अपने निजी स्कोर को 175 तक ले गए। इसके बाद 574 के स्कोर पर कप्तान रोहित शर्मा ने पारी घोषित कर दी।
इसके बाद आखिरी सत्र में भारतीय गेंदबाज़ों को शुरुआत में गेंद के साथ संघर्ष करना पड़ा। लेकिन इसके बाद उन्होंने श्रीलंका को संभलने का कोई मौक़ा नहीं दिया। भारतीय गेंदबाज़ों ने लगातार चुनौतियां पेश करते हुए विपक्षी बल्लेबाज़ों को तंग किया और दिन का खेल समाप्त होने तक चार सफलताएं हासिल की। श्रीलंका भारत की पहली पारी के आधार पर 466 रन से पीछे है और उसके ऊपर फ़ॉलो-ऑन का ख़तरा मंडरा रहा है।