मुंबई | न्यूज़ डेस्क | भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार देर रात मीडिया एडवाइजरी जारी की और बताया कि टीम इंडिया के चार खिलाड़ी शिखर धवन, नवदीप सैनी (स्टैंडबाय खिलाड़ी), ऋतुराज गायकवाड़ और श्रेयस अय्यर चार वे खिलाड़ी हैं, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के चार खिलाड़ियों समेत कुल सात सदस्य कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं, बाकी तीन सपोर्ट स्टाफ से हैं। भारत और वेस्टइंडीज के खिलाफ 6 फरवरी से तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेली जानी है, ऐसे में इन खिलाड़ियों का पहले मैच में खेलना नामुमकिन सा लग रहा है। ऑल इंडिया सीनियर सिलेक्शन कमिटी ने मयंक अग्रवाल को वनडे टीम में शामिल किया है।
वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम को 31 जनवरी को अहमदाबाद में रिपोर्ट करना था। इसके बाद से रोज सभी खिलाड़ियों के कोविड-19 टेस्ट किए जा रहे हैं। बीसीसीआई की मीडिया एडवाइजरी के मुताबिक शिखर धवन और नवदीप सैनी का 31 जनवरी को आरटीपीसीआर टेस्ट हुआ, जिसमें दोनों पॉजिटिव पाए गए। 31 जनवरी को ही फील्डिंग कोच टी दिलीप और सिक्योरिटी लियोजॉन ऑफिसर बी. लोकेश के भी कोविड-19 टेस्ट के रिजल्ट पॉजिटिव आए।
गायकवाड़ की 31 जनवरी के आरटीपीसीआर टेस्ट की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी, लेकिन 1 फरवरी के टेस्ट में वह पॉजिटिव पाए गए। वहीं श्रेयस अय्यर और स्पोर्ट्स मसाज थेरेपिस्ट राजीव कुमार की 31 जनवरी और 1 फरवरी की आरटीपीसीआर रिपोर्ट नेगेटिव आई थी, लेकिन 2 फरवरी को किए गए आरटीपीसीआर टेस्ट में ये दोनों पॉजिटिव पाए गए।
भारत की वनडे टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), मयंक अग्रवाल, ऋतुराज गायकवाड़, शिखर धवन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, दीपक हूडा, वॉशिंगटन सुंदर, केएल राहुल, ऋषभ पंत, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान।
भारत की टी20 टीम
रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, वेंकटेश अय्यर, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, केएल राहुल, इशान किशन, ऋषभ पंत, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, रवि बिश्नोई, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज, भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान, हर्षल पटेल।
वेस्टइंडीज की वनडे टीम
डैरेन ब्रावो, शामराह ब्रुक्स, ब्रैंडन किंग, कीरन पोलार्ड (कप्तान), फैबियन एलेन, एनक्रुमाह बोनर, जेसन होल्डर, शाइ होप, निकोलस पूरन, अकील हुसैन, अलजारी जोसेफ, कीमर रोच, रोमारियो शेफर्ड, ओडीन स्मिथ, हेडन वॉल्श।
वेस्टइंडीज की टी20 टीम
डैरेन ब्रावो, ब्रैंडन किंग, रोवमैन पॉवेल, कीरन पोलार्ड (कप्तान), फैबियन एलेन, रेस्टन चेज, जेसन होल्डर, काइल मेयर्स, निकोलस पूरन, शाइ होप, शेल्डन कोटरेल, डॉमनिक ड्रेक्स, अकील हुसैन, रोमारियो शेफर्ड, ओडीन स्मिथ, हेडन वॉल्श।