मुंबई | न्यूज़ डेस्क | मैदान पर अपने प्रतिद्वंद्वियों को और मैदान के बाहर कोरोनावायरस को हराने वाली भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में बुधवार को एंटीगा के कूलिज क्रिकेट ग्राउंड पर आमने-सामने होंगी। कोरोना महामारी के कारण भारत की तैयारियां काफी बाधित हुई।
पिछले दो साल में कोई नेशनल कैंप या टूर्नामेंट नहीं था और हाल ही में सिर्फ एशिया कप खेलकर टीम यहां आई थी। चार बार की चैम्पियन भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 45 रन से हराकर टूर्नामेंट में आगाज किया। इसके बाद हालांकि कई खिलाड़ियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद आयरलैंड के खिलाफ बमुश्किल 11 खिलाड़ी जुट सके।
आयरलैंड के खिलाफ दूसरे ग्रुप मैच में पांच खिलाड़ी उपलब्ध नहीं थे। कप्तान यश धुल, उपकप्तान शेख रशीद, आराध्य यादव, मानव पारख और सिद्धार्थ यादव कोरोना वायरस की चपेट में आ गए थे। ये पांचों आयरलैंड और युगांडा के खिलाफ नहीं खेल सके जिसके बाद बीसीसीआई को वैकल्पिक खिलाड़ी भेजने पड़े।
युगांडा के खिलाफ छह रिजर्व खिलाड़ियों को मैदान पर उतारा गया। भारतीय टीम ने हालांकि आयरलैंड और युगांडा दोनों को हराया और क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश को मात दी। अब भारत के पास पूरी मजबूत टीम है और निशांत सिंधू भी संक्रमण से उबर चुके हैं।
भारत को हालांकि आखिरी ओवरों में अपनी बल्लेबाजी में सुधार करना होगा। उससे पहले भारत ने आयरलैंड के खिलाफ पांच विकेट पर 307 और युगांडा के खिलाफ 405 रन बनाए जो अफ्रीकी टीम के खिलाफ उसकी सबसे बड़ी जीत थी। अब सामने ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम है।
भारत का मनोबल इस बात से बढ़ा होगा कि कोरोना से जूझते हुए भी सारे मैच जीतकर वह अंतिम चार में पहुंचा है। भारत लगातार चौथी बार सेमीफाइनल खेलेगा। भारत के पास हरनूर सिंह, अंगकृष रघुवंशी, राज बावा के अलावा धुल और रशीद जैसे बल्लेबाज हैं। धुल ने पहले मैच में 82 रन बनाए थे।
गेंदबाजी में रवि कुमार ने बांग्लादेश के खिलाफ पांच ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे। तेज गेंदबाज राजवर्धन हंगरगेकर, स्पिनर विकी ओस्तवाल और कौशल तांबे के साथ मध्यम तेज गेंदबाज बावा पर नजरें होंगी। भारतीय युवा तेज गेंदबाज रवि बांग्लादेश के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे थे। वह टीम की जीत के जीत के सूत्रधार रहे थे। उन्होंने मुकाबले में अपनी घातक गेंदबाजी से बांग्लादेश के टॉप ऑर्डर को तहस नहस कर दिया था। रवि कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया था।