मुंबई | न्यूज़ डेस्क | बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन ने कन्फर्म करते हुए बताया है कि इंडिया ओपन 2022 में 7 खिलाड़ी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं और अब ये खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, जबकि इनके प्रतिद्वंदी खिलाड़ियों को वॉकओवर दे दिया गया है। इंडिया ओपन में ये एक तरह से कोरोना विस्फोट है, क्योंकि कोविड 19 पॉजिटिव निकले खिलाड़ियों में बड़े नाम शामिल हैं।
इंडिया ओपन में सभी खिलाड़ियों का मंगलवार को आरटी-पीसीआर टेस्ट हुआ था, जिसमें किदांबी श्रीकांत जैसे बड़े खिलाड़ी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। किदांबी के अलावा अश्विनी पोनप्पा, रितिका राहुल ठकर, टेरेसा जॉली, सिमरन अमन सिंह, खुशी गुप्ता और मिथुन मंजूनाथ की कोविड 19 टेस्ट रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इनमें से जो खिलाड़ी डबल्स में खेलने वाले थे, उनके साथियों को भी करीबी संपर्क में आने के कारण टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है।
बता दें कि इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में कोरोना के केस दूसरी बार सामने आए हैं। इससे पहले इंडिया ओपन टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले बी साई प्रणीत और ध्रुव रावत की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और ऐसे में इंग्लैंड की टीम ने टूर्नामेंट से नाम वापस भी ले लिया था। इस वजह से टूर्नामेंट पर संशय बना हुआ था, लेकिन इसका आयोजन हुआ। हालांकि जल्द ही फिर से कोरोना के केस बायो-बबल में सामने आए तो फिर से तहलका मच गया है।
सभी प्रतिभागियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए बीडब्ल्यूएफ और भारतीय बैडमिंटन संघ (BAI) के दिशानिर्देशों के अनुसार कोरोना टेस्ट प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं। इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का दूसरा राउंड आज से शुरू हो रहा है।
ये खिलाड़ी निकले हैं कोरोना पॉजिटिव
किदांबी श्रीकांत
अश्विनी पोनप्पा
रितिका राहुल ठकर
टेरेसा जॉली
सिमरन अमन सिंह
खुशी गुप्ता
मिथुन मंजूनाथ।