December 06, 2021

Join With Us


मुंबई में भारत ने मारी बाजी : न्यूजीलैंड को 372 रन से हरा के टेस्ट सीरीज पर कब्जा




मुंबई | न्यूज़ डेस्क | भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 372 रनों से शानदार जीत के साथ ही दो मैचों की टेस्ट सीरीज पर 1-0 से कब्जा कर लिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया और धमाकेदार जीत दर्ज की। रनों के लिहाज से यह टीम इंडिया की सबसे बड़ी टेस्ट जीत है।

इस टेस्ट मैच को कई बातों के लिए याद किया जाएगा, जिसमें कीवी स्पिनर एजाज पटेल का परफेक्ट 10, मयंक अग्रवाल की फॉर्म में वापसी, विराट कोहली के विकेट को लेकर हुआ विवाद, कीवी टीम का सबसे कम स्कोर और जयंत यादव और आर अश्विन की शानदार स्पिन गेंदबाजी शामिल हैं। टीम इंडिया पहली पारी में 325 रनों पर जब सिमटी, तब शायद ही किसी को अंदाजा होगा कि यह मैच चौथे दिन के पहले सेशन में खत्म हो जाएगा।

मुंबई में जन्में इस कीवी स्पिनर ने पहली पारी में वह कमाल कर दिखाया, जो इससे पहले दुनिया के महज दो गेंदबाज ही कर सके हैं। एजाज ने भारत के खिलाफ पहली पारी में सभी 10 विकेट चटकाए। एजाज पटेल से पहले जिम लेकर और अनिल कुंबले ही यह कारनामा कर सके हैं। उनके परफेक्ट 10 के दम पर न्यूजीलैंड ने भारत को पहली पारी में महज 325 रनों पर ही समेट दिया था। एजाज ने दूसरी पारी में चार विकेट लिए और इस तरह से उन्होंने पूरे मैच में 14 विकेट अपने नाम किए।

दूसरे टेस्ट से पहले बातें हो रही थीं कि मयंक अग्रवाल को प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है। अजिंक्य रहाणे दूसरे टेस्ट से पहले चोटिल हुए और मयंक को टीम में जगह मिली। पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे मयंक ने इस मैच में जबर्दस्त वापसी की। पहली पारी में मयंक ने 150 और दूसरी पारी में 62 रनों का योगदान दिया। भारत ने पहली पारी में 325 रन बनाए, जिसमें से 150 रन तो अकेले मयंक के खाते में दर्ज हुए। उनकी पारी ने ही टीम इंडिया की जीत की नींव रखी।

पहली पारी में विराट बिना खाता खोले आउट हुए। कानपुर टेस्ट में विराट को आराम दिया गया था, इस मैच में उनसे फैन्स को बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। एजाज पटेल की गेंद पर विराट को ऑनफील्ड अंपायर ने एलबीडब्ल्यू आउट दिया और विराट ने तुरंत डीआरएस ले लिया। विराट को पूरा भरोसा था कि गेंद उनके बैट से लगकर पैड पर लगी थी।

रिप्ले में भी यह साफ नहीं था कि गेंद पहले पैड पर लगी थी, बावजूद इसके थर्ड अंपायर ने यह कहकर उन्हें आउट दिया कि गेंद के बैट पर पहले लगने के निर्णायक सबूत नहीं हैं और ऐसे में ऑनफील्ड अंपायर अपने फैसले पर बने रहें। इसको लेकर खूब विवाद हुआ और तमाम दिग्गज क्रिकेटरों ने अंपायर को इसके लिए आड़े हाथों लिया।

भारत की ओर से इस मैच में शानदार गेंदबाजी देखने को मिली। स्पिनरों के अलावा तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने भी बहुत प्रभावित किया। पहली पारी में सिराज ने तीन, अक्षर पटेल ने दो, आर अश्विन ने चार और जयंत यादव ने एक विकेट लिया।

गेंदबाजों ने मिलकर कीवी टीम को पहली पारी में महज 62 रनों पर समेट दिया। भारत में यह किसी भी टीम का टेस्ट में सबसे कम स्कोर था। दूसरी पारी में कीवी टीम 167 रनों पर ऑलआउट हुई। दूसरी पारी में अश्विन और जयंत ने चार-चार विकेट लिए जबकि एक विकेट अक्षर पटेल के खाते में गया।

रनों के लिहाज से यह टेस्ट क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज पर 1-0 से कब्जा कर लिया। न्यूजीलैंड को 62 रनों पर समेटने के बाद भारत ने फॉलोऑन नहीं देने का फैसला लिया और दूसरी पारी सात विकेट पर 276 रनों पर घोषित कर न्यूजीलैंड को 540 रनों का टारगेट दिया। जिसके जवाब में कीवी टीम महज 167 रनों पर सिमट गई।




+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement









Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE