December 04, 2021

Join With Us


भारतीय मूल के न्यूजीलैंड स्पिनर एजाज पटेल ने टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में झटके 10 विकेट : अनिल कुंबले के बाद बने तीसरे बॉलर




मुंबई | न्यूज़ डेस्क | भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के स्पिनर एजाज पटेल ने टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में 10 विकेट लेकर अनिल कुंबले की बराबरी करके इतिहास रच दिया है। एजाज ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे और अंतिम टेस्ट की पहली पारी में यह कारनामा किया। उनके 10 विकेटों की मदद से न्यूजीलैंड ने पहली पारी में भारत को 325 रन पर समेट दिया। भारत की ओर से मयंक अग्रवाल ने सबसे ज्यादा 150 रन बनाए। मुंबई में जन्मे एजाज ने 47.5 ओवर में 12 मेडन रखते हुए 119 रन​ दिए और पारी में सभी 10 विकेट चटकाए। एजाज अब टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में 10 विकेट लेने वाले दुनिया के तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले भारत के अनिल कुंबले और इंग्लैंड के जिम लेकर ने एक पारी में 10 विकेट लिए थे।

https://twitter.com/BLACKCAPS/status/1467037397325991936?s=20

33 साल के स्पिनर एजाज पटेल का जन्म मुंबई में हुआ था। वह आठ साल की उम्र तक मुंबई के जोगेश्वरी में रहते थे। साल 1996 में उनके पैरेंट्स न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गए थे। एजाज पटेल ने दूसरे टेस्ट की पहली पारी में भारतीय कप्तान विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, रिद्धिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, जयंत यादव, मोहम्मद सिराज और मयंक अग्रवाल को पवेलियन की राह दिखाई। कोहली, पुजारा और अश्विन तो अपना खाता भी नहीं खोल सके।

एजाज से पहले, अनिल कुंबले ने पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी में 10 विकेट चटकाए थे। मुंबई में जन्मे न्यूजीलैंड के स्पिनर एजाज ने मुंबई में ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। उन्होंने पहले छह विकेट झटके और फिर बाकी चार विकेट चटकाकर भी एक पारी में सभी 10 विकेट अपने नाम किए। 141 साल के टेस्ट इतिहास में एजाज से पहले तक सिर्फ दो गेंदबाज ही ऐसे थे जिन्होंने एक पारी में 10 विकेट लिए थे। अपने कैरियर का 11वां टेस्ट खेल रहे एजाज ने शनिवार से पहले पारी के पांच विकेट लेने का कमाल दो बार किया था।

उन्होंने मोहम्मद सिराज को आउट करके अपना दसवां विकेट लिया जो भारतीय मूल के ही रचिन रविंद्र को कैच देकर लौटे। भारतीय टीम ने पटेल का खड़े होकर अभिवादन किया और अंपायरों ने उन्हें वह गेंद भी सौंप दी। पटेल अपने जन्मस्थान पर भारत के खिलाफ खेलने वाले डगलस जार्डिन के बाद दूसरे क्रिकेटर हैं।




+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement









Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE