नई दिल्ली | गुरमीत सिंह | इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के पहले क्वालीफायर में तीन बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का सामना दिल्ली कैपिटल्स से आज रात होना है। इस सीजन खेले गए दोनों ही मैचों में ऋषभ पंत की टीम धोनी के बूढ़े शेरों को पटखनी दी है।
पिछले सीजन फाइनल तक का सफर तय करने वाली दिल्ली कैपिटल्स ने इस बार हर किसी को अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया और टीम को अब प्रबल दावेदार माना जा रहा है। लेकिन, पहले क्वालीफायर में ही माही की सेना दिल्ली का काम खराब कर सकती है। इस बात की पुष्टि आंकड़े कर रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अबतक आईपीएल के इतिहास में 25 बार एक दूसरे के सामने मैदान पर उतरी हैं। इस दौरान धोनी के शूरवीरों ने 15 बार दिल्ली को धूल चटाई है, जबकि 10 मैचों में दिल्ली ने जीत हासिल की है। यानी ओवरऑल रिकॉर्ड की माने तो माही की टीम फाइनल में पहुंचते हुई दिखाई दे रही है।
हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन अपने पहले ही मैच में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को 7 विकेट से हार का स्वाद चखाया था, जबकि दूसरी भिड़ंत में ऋषभ पंत के गेंदबाजों ने दिल्ली को 3 विकेट से जीत दिलाई थी। लेकिन, चेन्नई के पास प्लेऑफ में खेलने का अच्छा खास अनुभव मौजूद है और वह सिर्फ एक बार ही अंतिम चार में अपनी जगह बनाने से चूकी है।
दूसरी बात जो चेन्नई सुपर किंग्स के पक्ष में जाती है, वो है प्लेऑफ में सीएसके के बल्लेबाजों का बल्ला जमकर बोलता है। टीम की ओर से मिस्टर आईपीएल के नाम से मशहूर रैना ने 155 के स्ट्राइक रेट से प्लेऑफ में 714 रन कूटे हैं। वहीं, चेन्नई के कप्तान धोनी भी इसमें पीछे नहीं हैं और उन्होंने 39 मुकाबलों में 151 के स्ट्राइक रेट से 504 रन बनाए हैं।
पिछल सीजन भी दिल्ली को पहले क्वालीफायर में मुंबई इंडियंस के हाथों हार का साामना करना पड़ा था। इसके बावजूद दिल्ली के इस सीजन के प्रदर्शन को देखते हुए पंत की टीम को हल्के में आंकना सही नहीं होगा।