मुंबई | ऋषि भट्ट | इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के 44वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही सीएसके ने प्लेऑफ में अपनी जगह बना ली है और वह ऐसा करने वाली आईपीएल 2021 की पहली टीम है। चेन्नई की ओर से ऋतुराज गायकवाड़ ने 45 और फाफ डुप्लेसी ने 41 रनों की शानदार पारी खेली।
कप्तान धोनी ने सिदार्थ कॉल के आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर सिक्स लगाकर टीम को जीत दिलाई। इससे पहले टॉस हारकर बैटिंग करते हुए हैदराबाद ने ऋद्धिमान साहा की 44 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 134 रन बनाए। चेन्नई की ओर से गेंदबाजी में जोश हेजवलुड ने तीन और ड्वेन ब्रावो ने दो विकेट अपने नाम किए। इस हार के साथ ही हैदराबाद की प्लेऑफ में पहुंचने की सारी उम्मीदें भी खत्म हो गई है।