नई दिल्ली | गुरमीत सिंह | आईपीएल 2021 के दूसरे फेज में बुधवार को राजस्थान रॉयल्स का सामना विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा। दोनों टीमों के बीच यह दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेले जाने वाला यह मैच लीग के 14वें सीजन का 43वां मैच होगा।
बैंगलोर की टीम इस समय प्वाइंटस टेबल में तीसरे नंबर पर विराजमान है। वहीं, राजस्थान की टीम सातवें नंबर पर है। दोनों टीमों ने अबतक 10-10 मैच खेले हैं, लेकिन बैंगलोर को 6 और राजस्थान को 4 जीत नसीब हुई है।
राजस्थान को अपने पिछले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था जबकि बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को मात दी थी। बैंगलोर अब जीत की लय कायम रखना चाहेगी तो वहीं राजस्थान जीत की पटरी पर लौटना चाहेग।
ऐसे में दोनों टीमों के यह मुकाबला काफी अहम होने वाला है। इस महत्वपूर्ण मैच में दोनों ही टीमें अपनी बेस्ट प्लेइंग इलेवन के साथ उतरना चाहेगी। आइए दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन पर एक नजर डालते हैं।
राजस्थान इस मैच में अपनी प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव कर सकती है। राजस्थान के पिछले मैच में स्पिनरों का बोलबाला रहा था और ऐसे में आज होने वाले मुकाबले में राजस्थान की टीम रियान पराग की जगह मयंक मारकंडे को खिला सकती है। इसके अलावा चोटिल से उबरने वाले तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की वापसी भी हो सकती है।
पराग की जगह शिवम दुबे को भी प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। उनके अलावा तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट भी टीम में लौट सकते हैं। राजस्थान के बल्लेबाजों ने भी अभी तक निराश ही किया है, ऐसे में टीम की बल्लेबाजी में भी बदलाव देखने को मिल सकती है। कप्तान संजू सैमसन और लियाम लिविंगस्टोन से टीम को बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
आरसीबी को दूसरे फेज में लगातार दो मैचों में हार मिली थी। पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 9 विकेट से जबकि दूसरे मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने 6 विकेट से मात दी थी। उयके बाद टीम ने तीसरे मुकाबले में जीत की पटरी पर लौटते हुए मुंबई इंडियंस को 54 रनों से करारी शिकस्त दी थी।
टीम जीत की पटरी पर लौट चुकी है और इस बात की कम ही संभावना है कि वह अपनी विनिंग कॉम्बिनेशन में कोई बदलाव करेगी। टीम ताालिका में भी तीसरे नंबर पर है और उसकी स्थिति मजबूत है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग-11
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, श्रीकर भारत (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, एबी डिविलियर्स, शाहबाज अहमद, डेनियल क्रिश्चियन, काइल जैमीसन, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल।
राजस्थान रॉयल्स : संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), एविन लुइस, यशस्वी जायसवाल, लियाम लिविंगस्टोन/डेविड मिलर, महिपाल लोमरोर, रियान पराग/शिवम दुबे, राहुल तेवतिया, क्रिस मॉरिस, चेतन सकारिया, कार्तिक त्यागी/जयदेव उनादकट, मुस्तफिजुर रहमान।