September 28, 2021

Join With Us


आईपील 2021 : दिल्ली कैपिटल्स को पटखनी देकर कोलकाता नाइट राइडर्स ने मजबूत की प्लेऑफ की दावेदारी




मुंबई | ऋषि भट्ट | गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद नितीश राणा की जुझारू पारी से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स को तीन विकेट से हराकर नॉकआउट में जगह बनाने की उम्मीदों को जिंदा रखा। इस हार के बाद दिल्ली का लगातार चार जीत का सिलसिला भी टूट गया है। दिल्ली के 128 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाइट राइडर्स ने नितीश राणा (27 गेंद में नाबाद 36, दो चौक, दो छक्के), शुभमन गिल (30) और सुनील नारायण (10 गेंद में 21 रन, दो छक्के, एक चौका) की उपयोगी पारियों से 18.2 ओवर में सात विकेट पर 130 रन बनाकर जीत दर्ज की। दिल्ली की ओर से तेज गेंदबाज आवेश खान ने 13 रन देकर तीन विकेट चटकाए लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

इस जीत से नाइट राइडर्स के 11 मैचों में पांच जीत से 10 प्वॉइंट्स हो गए हैं और टीम चौथे स्थान पर चल रही है। दिल्ली के 11 मैचों में आठ जीत से 16 प्वॉइंट्स हैं और वह दूसरे स्थान पर है। चेन्नई सुपर किंग्स के भी 16 प्वॉइंटस हैं, लेकिन वह बेहतर रन रेट के कारण टॉप पर है, जबकि उसने दिल्ली से एक मैच कम खेला है। लॉकी फर्ग्युसन (10 रन पर दो विकेट), सुनील नारायण (18 रन पर दो विकेट) और वेंकटेश अय्यर (29 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने दिल्ली की टीम नौ विकेट पर 127 रन ही बना सकी। दिल्ली की ओर से कप्तान ऋषभ पंत (39), स्टीव स्मिथ (39) और शिखर धवन (24) की टिककर बल्लेबाजी कर पाए।

नाइट राइडर्स की सटीक गेंदबाजी के सामने दिल्ली की टीम अंतिम नौ ओवर में 54 रन ही जुटा सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरे नाइट राइडर्स ने तेज शुरुआत की। वेंटकेश (14) ने एनरिच नोर्ट्जे के पहले ओवर में लगातार दो चौकों के साथ खाता खोला जबकि गिल ने अक्षर पटेल का स्वागत छक्के के साथ किया। वेंटकेश हालांकि विकेट पर पर्याप्त समय बिताने के बाद पांचवें ओवर में ललित यादव की गेंद पर बोल्ड हो गए। राहुल त्रिपाठी ने (09) ललित की पहली गेंद पर ही छक्के के साथ खाता खोला लेकिन आवेश ने उन्हें स्मिथ के हाथों कैच करा दिया। नाइट राइडर्स ने पावरप्ले में दो विकेट पर 44 रन बनाए।

गिल ने रविचंद्रन अश्विन पर अपना दूसरा छक्का जड़ा और सातवें ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। गिल और राणा ने स्ट्राइक रोटेट करने को तरजीह दी और गैरजरूरी जोखिम नहीं उठाया। कगिसो रबाडा ने हालांकि 11वां ओवर मेडन फेंका और गिल को श्रेयस के हाथों कैच भी कराके दिल्ली की वापसी की उम्मीद जगाई। कप्तान इयोन मोर्गन की खराब फॉर्म जारी रही और वह खाता खोले बिना अश्विन की गेंद पर ललित को कैच दे बैठे। राणा ने ऑफ स्पिनर ललित पर लगातार दो छक्कों के साथ दबाव कम किया। दिनेश कार्तिक ने भी रबाडा और ललित पर चौके मारे।

आवेश ने कार्तिक को स्लो गेंद पर बोल्ड कर दिया। कार्तिक ने 12 रन बनाए। नाइट राइडर्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 30 रन की दरकार थी। नारायण ने रबाडा की लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौके के साथ 16वें ओवर में 21 रन जोड़कर नाइट राइडर्स को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। नाइट राइडर्स को आखिरी चार ओवर में नौ रन की जरूरत थी। नोर्ट्जे ने 17वें ओवर में सिर्फ तीन रन दिए जबकि नारायण को अक्षर के हाथों कैच कराया। आवेश के अगले ओवर में चार रन बने, जबकि टिम साउथी (03) लौटे। आखिरी दो ओवर में नाइट राइडर्स को दो रन की जरूरत थी और राणा ने नोर्ट्जे पर चौका जड़कर नाइट राइडर्स को जीत दिला दी।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम को स्मिथ और धवन ने सतर्क शुरुआत दिलाई। मौजूदा सीजन का पहला मैच खेल रहे संदीप वॉरियर पर चौके के साथ धवन ने खाता खोला और फिर इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में भी लगातार दो चौके मारे। धवन ने टिम साउथी पर भी दो चौके मारे लेकिन फर्ग्युसन की गेंद पर कवर प्वाइंट पर वेंकटेश को कैच दे बैठे। धवन ने 20 गेंद की पारी में पांच चौके जड़े। दिल्ली ने पावरप्ले में एक विकेट पर 39 रन बनाए। श्रेयस अय्यर सिर्फ एक रन बनाने के बाद नारायण की गेंद पर बोल्ड हो गए। स्मिथ ने वरुण चक्रवर्ती पर लगातार दो चौकों के साथ रन रेट बढ़ाई और फिर नारायण पर भी चौका जड़ा। वह हालांकि फर्ग्युसन की गेंद पर कड़ा प्रहार करने की कोशिश में शॉट विकेटों पर खेल गए। उन्होंने 34 गेंद का सामना करते हुए चार चौके मारे।

वेंकटेश ने इसके बाद शिमरोन हेटमायर (04) को साउथी के हाथों कैच किया। अगले ओवर में नारायण ने ललित यादव (00) को एलबीडब्ल्यू आउट किया, जबकि वेंकटेश ने अक्षर पटेल (00) को पवेलियन की राह दिखाई। दिल्ली ने चार रन के भीतर तीन विकेट गंवाए जिससे उसका स्कोर छह विकेट पर 92 रन हो गया। दिल्ली के रनों का शतक 17वें ओवर में पूरा हुआ। पंत ने एक छोर संभाले रखा लेकिन बड़े शॉट खेलकर रन रेट में इजाफा करने में नाकाम रहे। वे आखिरी ओवर में रन आउट हुए। उन्होंने 36 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके मारे।




+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement









Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE