नई दिल्ली | गुरमीत सिंह | लगातार तीन हार के बाद डिफेंडिंग चैम्पियन मुंबई इंडियंस के धुरंधर पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल के मैच में अपनी गलतियों में सुधार करके जीत की राह पर लौटना चाहेंगे |
यूएई में आईपीएल की बहाली के बाद से मुंबई तीनों मैच हारकर सातवें स्थान पर खिसक गई है | उसके 10 मैचों में आठ अंक हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ वह लक्ष्य का पीछा नहीं कर सकी जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करके हार गई |
पांच बार की चैम्पियन टीम के बल्लेबाजों ने निराश किया है | सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन जैसे युवा बल्लेबाज फॉर्म में नहीं है | कप्तान रोहित शर्मा ने पिछले दो मैचों में 33 और 43 रन बनाये लेकिन अच्छी शुरूआत को बड़ी पारियों में नहीं बदल सके |
पहले दो मैचों से बाहर रहने के बाद हार्दिक पंड्या फिट होकर टीम में लौटे लेकिन कोई कमाल नहीं कर सके | ये खिलाड़ी टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का भी हिस्सा हैं और इनका खराब फॉर्म चिंता का विषय है | आईपीएल के ठीक बाद यूएई और ओमान में टी20 विश्व कप खेला जाना है |
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने तीन मैचों में आठ विकेट लिये हैं लेकिन ट्रेंट बोल्ट और एडम मिल्ने को तीन तीन विकेट ही मिल सके | स्पिनर राहुल चाहर और कृणाल पंड्या ने निराश किया है |
दूसरी ओर पंजाब पांचवें स्थान पर है जिसने पिछले मैच में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद को हराया | उसके भी दस मैचों में आठ अंक है और वह आने वाले मैचों में कोई कोताही बरतने की स्थिति में नहीं है. पंजाब के पास आला दर्जे के विदेशी और भारतीय खिलाड़ी हैं |
लेकिन यह टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कभी नहीं कर सकी | पंजाब की टीम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आखिरी ओवर में चार रन नहीं बना पाई. उसके बाद पिछले मैच में तीन बदलाव किये और जीत मिली|
कप्तान केएल राहुल की अगुवाई में पंजाब के पास अच्छे बल्लेबाज हैं| राहुल और मयंक अग्रवाल के अलावा क्रिस गेल, एडेन मार्करम और निकोलस पूरन के रहते बल्लेबाजी मजबूत दिखती है |
गेंदबाजी में मोहम्मद शमी और अर्शदीप सिंह ने अच्छा प्रदर्शन किया जबकि पिछले मैच में टीम में शामिल किये गए स्पिनर रवि बिश्नोई ने तीन विकेट लेकर मौके को भुनाया |
मुंबई की संभावित प्लेइंग इलेवन-रोहित शर्मा, क्विंटन डिकॉक, सूर्यकुमार यादव, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, काइरन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, एडम मिल्ने, राहुल चाहर, जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट |
पंजाब की संभावित प्लेइंग इलेवन- केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, क्रिस गेल, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, दीपक हुड्डा, हरप्रीत बरार, रवि बिश्नोई, मोहम्मद शमी, नाथन एलिस और अर्शदीप सिंह |