मुंबई | न्यूज़ डेस्क | टीम इंडिया शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ दूसरा टी20 मैच जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त लेने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। भारत ने लखनऊ में खेले गए पहले मैच में 62 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त ले रखी है। T20I सीरीज के अब अंतिम दोनों मुकाबले धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (HPCA) में खेले जाने हैं। पहले मैच में भारतीय टीम ने फील्डिंग को छोड़कर बल्लेबाजी और गेंदबाजी में कमाल का प्रदर्शन किया था। दूसरा टी20 मैच जीतकर भारतीय टीम लगातार दूसरी सीरीज अपने नाम कर लेगी।
रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया T20I में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रोहित की कप्तानी में टीम पिछले 10 मैचों से लगातार जीत दर्ज करते हुए आ रही है। टीम इंडिया ने इस सीरीज के लिए अपने कुछ सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया हुआ है और उनकी गैर मौजूदगी में युवा खिलाड़ी भी अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे हैं। शनिवार को मैच वाले पूरे दिन बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में टीम इंडिया को सीरीज जीतने के लिए थोड़ा और इंजतार करना पड़ सकता है। आइये, आपको बताते हैं कि आप कब, कहां और कैसे इस मैच का LIVE आनंद ले सकते हैं।
कहां खेला जाएगा मैच?
भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टी20 मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (HPCA) में खेला जाएगा।
कब शुरू होगा मैच?
भारत और श्रीलंका के बीच ये मुकाबला शाम 7:00 बजे ही शुरू होगा। मैच से पहले 6:30 बजे टॉस होगा।
कहां देख सकते हैं भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टी20 मैच का लाइव टेलीकास्ट?
भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले इस मुकाबले को स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनल्स पर अलग-अलग भाषाओं में देख सकते हैं। इसके साथ-साथ ये भारतीय टीम का शॉर्ट फॉर्मेट का इंटरनेशनल क्रिकेट मैच है तो आप इसे डीडी स्पोर्ट्स पर भी लाइव देख सकते हैं।
कहां देख सकते हैं मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग?
वहीं, अगर आप India vs Sri Lanka T20I Match की लाइव स्ट्रीमिंग अपने स्मार्टफोन, टैबलेट या लैपटॉप पर देखना चाहते हैं तो इसे आप डिज्नी प्लस हॉटस्टार ऐप या वेबसाइट पर देख सकते हैं।