वारासिवनी | शिवचंद्र तिवारी | हाथकरघा कार्यालय वारासिवनी द्वारा खैरलांजी विकासखंड के ग्राम सालेबर्डी की अन्य पिछड़ा वर्ग की 10 महिलाओं को दो माह का बुनियादी एवं कौशल उन्नयन बुनाई प्रशिक्षण देने का कार्यक्रम बनाया गया है। महिलाओं का यह प्रशिक्षण माह नवंबर 2020 से प्रारंभ किया जायेगा। महिलाओं को यह प्रशिक्षण देने के लिए मास्टर ट्रेनर की जरूरत है। महिलाओं को प्रशिक्षण देने के इच्छुक मास्टर ट्रेनर 31 अक्टूबर 2020 तक कार्यालय सहायक संचालक हाथकरघा वारासिवनी में आवेदन कर सकते है।
सहायक संचालक हाथकरघा विनायक मार्को ने बताया कि मास्टर ट्रेनर को 05 हजार रुपये प्रतिमाह बुनियादी हाथकरघा प्रशिक्षण का मानदेय एवं 06 हजार रुपये प्रतिमाह कौशल उन्नयन बुनाई प्रशिक्षण का मानदेय दिया जायेगा। मास्टर ट्रेनर के लिए आवेदक को बालाघाट जिले का निवासी होना चाहिए और उसकी आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होना चाहिए। आवेदक द्वारा पूर्व में प्रशिक्षण दिया होना चाहिए और उसे कम से कम 08 वीं कक्षा पास होना चाहिए। आवेदक को हाथकरघा क्षेत्र में कार्य करने का न्यूनतम 10 वर्ष का बुनाई अनुभव होना चाहिए।