नागपुर। एड अब्दुल अमानी कुरेशी | कक्षा 1 से 12वीं तक संचालित जिंगल बेल्स स्कूल में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था। नए विद्यार्थियों का तिलक, पुष्प एवं मिठाई देकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों में नए शैक्षणिक सत्र को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था संचालक ईश्वरजी बोलधन ने कहा कि जिंगल बेल्स स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उनमें अनुशासन, संस्कार, नैतिक मूल्य, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय आधुनिक शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
प्राचार्या वंदना सातपुते ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय प्रत्येक विद्यार्थी की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने के लिए समर्पित भाव से कार्य करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पार्थ गहाणे एवं वृषाली बोलधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं प्राचार्या रितु बोलधन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार, संवेदनशील एवं संस्कारी नागरिक बनाना भी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनकी सभी ने सराहा। अभिभावकों ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण, आधुनिक शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की प्रशंसा की।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अभिभावकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा नए शैक्षणिक सत्र को सफल एवं प्रेरणादायी बनाने का संकल्प दोहराया गया।