रोहित शर्मा और के एल राहुल ने खेली अर्ध शतकीय पारी
मुंबई | न्यूज़ डेस्क | भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप से जीत से विदाई ली | उसने सोमवार को सुपर-12 चरण के अपने अंतिम मैच में नामीबिया को 9 विकेट से हराया | नामीबिया ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 132 रन बनाए | भारत ने 15.2 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया |
रोहित शर्मा ने 56 रन की शानदार पारी खेली और केएल राहुल के साथ 86 रन की ओपनिंग साझेदारी भी की | राहुल ने विजयी चौका जड़ा और 36 गेंदों पर 54 रन बनाकर नाबाद लौटे | भारत के लिए रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा ने भी 3-3 विकेट लिए | जडेजा को मैन ऑफ द मैच चुना गया |
रोहित और राहुल ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई और 5.3 ओवर में ही स्कोर 50 रन पहुंचा दिया | दोनों ने लगातार तीसरे मैच में 50 से ज्यादा रन की साझेदारी की | रोहित ने 31 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया | वह जेन फ्रीलिंक के पारी के 10वें ओवर की 5वीं गेंद पर जेन ग्रीन को कैच थमाकर पैवेलियन लौटे |
उन्होंने 37 गेंदों की अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के जड़े | इसके बाद भारत का कोई विकेट नहीं गिरा और राहुल ने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई | राहुल ने 36 गेंदों की अपनी नाबाद पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए | सूर्यकुमार 19 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 25 रन बनाकर नाबाद लौटे |