नई दिल्ली | गुरमीत सिंह |सूडान के प्रधानमंत्री अब्दुल्ला हमदोक को आज सोमवार सुबह एक अज्ञात सैन्य बल द्वारा उनके घर की घेराबंदी करने के बाद नजरबंद कर दिया गया। सैन्य बल ने सूडान के प्रधानमंत्री के मीडिया के घर पर भी धावा बोला और उन्हें हिरासत में ले लिया। सूत्रों के मुताबिक अज्ञात सूडानी सैन्य बलों ने चार कैबिनेट मंत्रियों और सत्तारुढ़ संप्रभु परिषद के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले सेना समर्थक प्रदर्शनकारियों ने रविवार को सूडान की राजधानी में प्रमुख सड़कों और पुलों को अवरुद्ध कर दिया था। जिसके बाद सूडान के सुरक्षाबलों ने सेना समर्थक प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूडान की राजधानी खार्तूम में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है।