वाराणसी | न्यूज़ डेस्क | देव दीपावली काशी का प्रमुख पर्व बन चुका है | वाराणसी जनपद के आर्थिक दृष्टिकोण से भी यह दीपोत्सव अति महत्वपूर्ण है | इस बार काशी में 24 नवंबर को देव दीपावली मनाई जाएगी और दौरान 10 लाख से अधिक पर्यटकों के काशी आने का अनुमान है | होटल के अलावा बड़े नाव बजड़े की बुकिंग भी लाखों में है |
ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि इस देव दीपावली पर वाराणसी में करीब 500 करोड रुपए का व्यापार हो सकता है | वहीं, देव दीपावली को लेकर तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं और सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए हैं | 
बड़े नाव की बुकिंग ढाई लाख तक
एबीपी न्यूज को मिली जानकारी के अनुसार, देव दीपावली के लिए वाराणसी के गंगा घाट के करीब वाले ज्यादातर होटल बुक हो चुके हैं | अगर किसी होटल के रूम में बुकिंग संभव भी है तो उनके दाम आसमान छू रहे हैं | वहीं, पर्यटक सबसे ज्यादा देव दीपावली के दौरान नौका विहार करते हुए काशी के गंगा घाटों को देखना पसंद करते हैं, इसलिए गंगा नदी में चलने वाली बड़ी नाव बजड़े भी करीब 15000 से लेकर ढाई लाख तक में बुक की गई है | वहीं, क्रूज की बुकिंग भी पूरी तरफ फूल है | ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि वाराणसी के सबसे प्रमुख पर्व में से एक देव दीपावली के दौरान इस बार करीब 500 करोड़ रुपए का व्यापार हो सकता है | 
1 घंटे का दीपोत्सव आयोजन होता है खास
वाराणसी गंगा घाट के स्थानीय लोगों की मानें तो 1985 में सिर्फ छह घाट पर दीपोत्सव के माध्यम से देव दीपावली की शुरुआत की गई थी, लेकिन अब यह भव्य रूप ले चुका है | लेजर शो, क्रैकर्स शो, ड्रोन शो और गंगा आरती इसकी भव्यता को और बढ़ा रहे हैं | देव दीपावली के दौरान पूरे घाटों को दियो से सजाया जाता है | करीब 1 घंटे के इस दीपोत्सव को देखने के लिए महीनों पहले से ही वाराणसी के होटल, नाव की बुकिंग हो जाती है | ऐसे में सांस्कृतिक धार्मिक के साथ-साथ यह पर्व आर्थिक दृष्टिकोण से भी काशी के लिए महत्वपूर्ण है |