मुंबई | ऋषि भट्ट | यूएई और ओमान में खेले जा रहे आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में आज भारत ने अपने दूसरे प्रैक्टिस मैच में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हरा दिया है। टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। टीम ने इससे पहले इंग्लैंड को सात विकेट से मात दी थी। भारत को ऑस्ट्रेलिया से 153 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने मात्र केएल राहुल का विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
टीम के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने 41 गेंदों पर 60 रनों की पारी खेली। उनके अलावा राहुल ने 31 गेंदों पर 39 और सूर्यकुमार यादव ने 27 गेंदों पर 38 रनों की नाबाद पारी खेली। उनकी इस पारी में पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। भारत अब अगले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से 24 अक्टूबर को भिड़ेगा।
6:50 PM: भारतीय टीम ने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को आसानी से 9 विकेट से हरा दिया है। टीम के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों पर 60 रनों की पारी खेली।
6:40 PM: भारतीय पारी के 15वें ओवर में रोहित और सूर्यकुमार ने दो छक्कों की मदद से 14 रन बटोरे। इस ओवर के बाद टीम का स्कोर 127-1 है और वह जीत से 26 रन दूर है।
6:26 PM: 13वें ओवर में भारत ने 100 रनों का आंकड़ा पार किया और उसके अगले ही ओवर में राेहित ने इस मैच में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। रोहित के साथ सूर्यकुमार बल्लेबाजी कर रहे हैं।
6:11 PM: एश्टन एगर ने अपनी टीम को पहली सफलता दिलाते हुए तेज बैटिंग कर रहे केएल राहुल को पवेलियन की राह दिखाई। राहुल ने दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 31 गेंदों पर 39 रन बनाए।
6:00 PM: भारत की पारी का 7वां ओवर डालने आए एडम जाम्पा के ओवर में केएल राहुल ने दो छक्कों की मदद से कुल 16 रन बटोरे। इस समय भारत का स्कोर 58-0 है।
5:54 PM: भारतीय टीम के पावरप्ले के ओवर समाप्त हो चुके हैं और भारत की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत करते हुए बिना किसी नुकसान के 42 रन बना लिए हैं।
5:40 PM: केएल राहुल और रोहित शर्मा की जोड़ी ने टीम को शानदार शुरुआत देते हुए तीन ओवरों में 25 रन जोड़ दिए हैं।
5:28 PM: केएल राहुल और इशान किशन की जोड़ी ने भारत की पारी का आगाज किया है।
5:14 PM: ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने जीत के लिए 153 रनों का लक्ष्य रखा है। टीम के लिए स्टीव स्मिथ ने 48 गेंदों पर 57 रनों की पारी खेली।
4:58 PM: ऑस्ट्रेलियाई पारी का 17वां ओवर डालने आए शार्दुल ठाकुर ने लगातार तीन चौके जड़कर इस मैच में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली है। 17 ओवरों के बाद कंगारू टीम का स्कोर 118-4 है।
4:50 PM: ऑस्ट्रेलिया टीम के 100 रन पूरे हो चुके है, साथ ही अब स्मिथ भी अपनी फिफ्टी के नजदीक हैं।
4:44 PM: भारतीय गेंदबाजों के आगे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज पूरी तरह सरेंडर करते नजर आ रहे हैं। 15 ओवरों का खेल हो चुका है और इस समय टीम का स्कोर 94-4 है। स्टीव स्मिथ 34 रन बनाकर खेल रहे हैं।
4:31 PM: राहुल चाहर ने अपनी फिरकी में मैक्सवेल काे फंसाते हुए कंगारू टीम को चौथा झटका दिया। मैक्सवेल ने मुश्किल समय में 28 गेंदों पर 37 रनों की अच्छी पारी खेली। 12 ओवरों के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 73-4 है।
4:20 PM: ऑस्ट्रेलिया की पारी के आधे ओवरों का खेल हो चुका है। इस समय कंगारू टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 57 रन बना लिए हैं। मैक्सवेल 33 जबकि स्मिथ 23 रन बनाकर नाबाद हैं।
4:05 PM: पावरप्ले के आखिरी ओवर में मैक्सवेल ने रविंद्र जडेजा के खिलाफ दो चौकों की मदद से कुल 14 रन बटोरे। इसके साथ छह ओवरों के बाद कंगारू टीम का स्कोर 34-3 है।
4:00 PM: ऑस्ट्रेलिया की पारी के 5 ओवर पूरे हो चुके हैं और टीम ने तीन विकेट खोकर 20 रन बनाए हैं। इस समय मैक्सवेल 12 और स्मिथ 4 रन बनाकर खेल रहे हैं।
3:48 PM: आर अश्विन की तरह रविंद्र जडेजा ने भी अपनी फिरकी का कमाल दिखाते हुए ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका देते हुए कप्तान आरोन फिंच को पवेलियन की राह दिखाई। फिंच 10 गेंदों पर 8 रन बनाकर आउट हुए।
3:40 PM: ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने अपने पहले ही ओवर में कंगारुओं को बड़ा झटका देते हुए पहले डेविड वॉर्नर और फिर मिचेल मार्श को अपनी फिरकी में फंसाया है। ऑस्ट्रेलिया ने 6 रनों के स्कोर पर ही दो विकेट गंवा दिए हैं।
3:30 PM: ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू हो गई है और डेविड वॉर्नर और आरोन फिंच की जोड़ी ने पारी का आगाज किया है।
3:10 PM: इस मैच में विराट कोहली, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है। वहीं, वरुण चक्रवर्ती, रोहित शर्मा और शार्दुल ठाकुर आज खेल रहे हैं। आज विराट कोहली की जगह रोहित टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
3:00 PM: आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में बुधवार को ऑस्ट्रेलिया ने अपने दूसरे प्रैक्टिस मैच में भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में विराट कोहली को आराम दिया गया और रोहित शर्मा भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं।