बालाघाट | न्यूज़ डेस्क | म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बालाघाट श्रीमान अमरनाथ केशरवानी के कुशल मार्गदर्शन में आज दिनांक 15.09.2021 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालाघाट में विधिक जागरूकता शिविर के साथ हिंदी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय साहित्य परिषद द्वारा आयोजित शुद्ध हिंदी लेखन एवं रामचरितमानस के सस्वर पाठ प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण समारोह के साथ ही कार्यक्रम का शुभारंभ में स्कूल के बच्चों द्वारा रामचरित मानस की चौपाई गाकर सुनाया गया।
इसी तारतम्य में हिन्दी दिवस के अवसर पर शिक्षकों द्वारा हिन्दी के महत्व को बताया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बालाघाट द्वारा विद्यालय के बच्चों को कानून के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। न्यायाधीश महोदय द्वारा विद्यालय के स्टाफ एवं बच्चों को जिला प्राधिकरण की योजनाओं मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, के संबंध में विस्तार से बताया गया तथा बच्चों को मध्यस्थता प्रक्रिया एवं लैंगिक अपराधों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्री बी.एल. राणा द्वारा किया गया। कार्यक्रम मे प्राचार्य श्री एल.सी. मानवटकर द्वारा बच्चों को हमेशा आगे बढ़ने एवं माता-पिता का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रो0 एल.सी. जैन, अशोक सिंहासने, सुभाष गुप्ता, सुरेश ढेंगे, प्रेमप्रकाश त्रिपाठी, श्रीमती नीलम श्रीवास्तव, डॉ भारती शरणागत, खेमनलाल लिल्हारे, महेन्द्र कुमार समरिते द्वारा भी बच्चों को कविता, गीत-गायन के द्वारा भी शिक्षाप्रद बातें बताई गई।
विद्यालय में विधिक जागरूकता के साथ-साथ ही आयोजित शुद्ध लेखन एवं गायन के संबंध में छात्र-छात्राओं को ईनाम एवं प्रमाण पत्र का वितरण मान0 न्यायाधीश महोदय के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बालाघाट के सौजन्य से उपस्थित छात्र-छात्राओं को फल एवं बिस्कुट के पैकेट वितरित किये गये। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से कार्यालय सहायक उमेश सिंगनदुपे, विनोद कुमार उइके उपस्थित थे।