अ. चौकी । केजन साहू । माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष महोदय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनांदगांव एवं श्रीमान अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति अंबागढ़ चौकी के मार्गदर्शन में दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को तालुक विधिक सेवा समिति अंबागढ़ चौकी द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भड़सेना में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। उक्त शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में विधिक सेवा समिति अंबागढ़ चौकी की ओर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अंबागढ़ चौकी, मंजू लता सिन्हा ने उपस्थित होकर स्कूली बच्चों को संबोधित कर बालिकाओं को आर्थिक व समग्र दृष्टि से सशक्त बनने हेतु प्रेरित किया।
श्रीमती सिन्हा ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए बताया कि वर्तमान में बालिकाओं के साथ हो रहे अपराधों एवं बालिकाओं के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण को दृष्टिगत रखते हुए बालिकाओं व महिलाओं को शिक्षित होने, आर्थिक रूप से सक्षम होने एवं सही लक्ष्य की ओर अग्रसर होकर पहले स्वयं आत्मनिर्भर बनने की बात कही, साथ ही भावी पीढ़ी को अपराधों से स्वयं सतर्क रहने, व आपराधिक मनोवृत्ति बिना डरे सामना करने तथा विभिन्न महिला खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर खेल के क्षेत्र में भी देश का प्रतिनिधित्व करने हेतु प्रोत्साहित किया।
उक्त कार्यक्रम में शाला के समस्त शिक्षकगण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पैरालीगल वालिंटियर जयप्रकाश साहू द्वारा उपस्थित बालिकाओं को नालसा की बालिकाओं से संबंधित योजनाओं एवं महिला कानूनों के संबंध में पाम्पलेट वितरण कर जागरुक किया गया।