बालाघाट | न्यूज़ डेस्क | जिला कलेक्टर दीपक आर्य ने बताया कि मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर द्वारा राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2020, 25 जुलाई 2021 को बालाघाट जिला मुख्यालय के 27 परीक्षा केन्द्रों में प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक एवं दोपहर 2.15 से 4.15 तक दो सत्रों में आयोजित कराई जायेगी ।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए कोरोना संक्रमित छात्रों के लिए पृथक से विशेष परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्था की गई है । ये परीक्षा केन्द्र शासकीय कन्या शिक्षा परिसर गोंगलई बालाघाट और न्यू सतपुड़ा आई.टी.आई. बूढ़ी बालाघाट हैं । कोविड संक्रमण अभ्यर्थि अपनी कोविड संक्रमण की सूचना जिला मुख्यालय में दर्ज करायेंगे, ताकि कोविड अभ्यर्थियों की बैठक व्यवस्था कोविड केन्द्र में की जा सके ।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, समस्त परीक्षा केन्द्र प्रभारी, कोविड कंट्रोल रूम तथा सत्कार अधिकारी, बालाघाट को अवगत कराने के निर्देश दिये गये हैं । कोविड पॉजिटिव अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर चिकित्सा विभाग से डॉक्टर्स, नर्सों को वीक्षकीय कार्य हेतु लगाये जाने, प्रत्येक केन्द्र पर थर्मल स्केनिंग मशीन तापमान लेने हेतु, दो पीपीई किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं ।
कोविड प्रभावित छात्रों को परीक्षा के एक घंटे पूर्व परीक्षा केन्द्र तक लाने की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के सहयोग से किये जाने के निर्देश हैं । समस्त परीक्षा केन्द्र प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बालाघाट से सम्पर्क/समन्वय स्थापित करते हुए कोरोना प्रभावित छात्रों को परीक्षा के एक घंटे पूर्व परीक्षा केन्द्र पर लाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे ।
सभी उपस्थित परीक्षार्थियों से केन्द्र में प्रवेश करते समय सेल्फ डिक्लेरेशन फार्म प्रारूप में प्राप्त करना है । यदि कोई परीक्षार्थी परीक्षा दिवस को भी कोरोना पॉजिटिव हो जाता है तो उससे प्रारूप भरवाकर उसे पॉजिटिव परीक्षार्थियों के केन्द्र विशेष पर स्थानांतरित किये जाने के निर्देश दिये गये हैं ।
कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया है कि निर्धारित कोविड परीक्षा केन्द्रों में आइसोलेशन कक्ष में परीक्षा संचालित करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं । ये कक्ष ऐसे होना चाहिए कि कोविड 19 से प्रभावित अभ्यर्थियों को सीधे परीक्षा हेतु लाया जा सके । जिले के कोविड प्रोटोकाल के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा आवागमन की व्यवस्था एवं स्टाफ की नियुक्ति की जावे ।
आयोग से प्राप्त निर्देशों के अनुसार जिले के प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक-एक पृथक आईसोलेशन कक्ष बनाये जाये ताकि बुखार, सर्दी, खांसी आदि से प्रभावित अभ्यर्थियों को अलग से बिठाया जा सके । ताकि ऐसे कक्ष की आवश्यकता पड़ने पर उपयोग किया जा सके । कोविड 19 हेतु परीक्षा केन्द्रों पर एक बड़े सेनेटाईज बाक्स की व्यवस्था की जावे, जिसमें से सेनेटाईज करने के उपरान्त ही ऐसे छात्रों से ओएमआर शीट एवं अन्य परीक्षा सामग्री प्राप्त की जा सके ।
परीक्षा के दिन 25 जुलाई 21 को प्रात: 7 बजे से सायं 7 बजे तक विद्युत सप्लाई निरंतर बनाये रखने के निर्देश कार्यपालन यंत्री म.प्र.विद्युत मंडल बालाघाट को दिया गया है ।