जगदलपुर | न्यूज़ डेस्क | माँ दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोटरी क्लब जगदलपुर ने ‘प्रोजेक्ट आशा’ के तहत निःशुल्क बस सेवा शुरू करने की पहल की है। यह सेवा 11 से 15 अक्टूबर तक जगदलपुर के दंतेश्वरी मंदिर परिसर और दंतेवाड़ा स्थित माँ दंतेश्वरी मंदिर के बीच संचालित की जाएगी। इसका उद्देश्य ट्रेन सेवाओं की सीमित उपलब्धता के बीच श्रद्धालुओं और जरूरतमंद यात्रियों को आवागमन का वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराना है।
रोटरी क्लब के अनुसार, दंतेवाड़ा के लिए सीमित रेल सुविधाओं के कारण यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में माँ दंतेश्वरी के दर्शन के इच्छुक श्रद्धालुओं को परिवहन संबंधी कठिनाइयों से राहत देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
इस परियोजना के चेयरमैन रोटरी क्लब जगदलपुर के उपाध्यक्ष रोटेरियन संग्राम सिंह राणा होंगे। वहीं, क्लब के सचिव रोटेरियन अंकित गोयल और संयुक्त सचिव रोटेरियन सप्तगिरि मद्दी सेवा के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।
निर्धारित समय पर रवाना होंगी बसें
निर्धारित समयसारिणी के अनुसार, जगदलपुर स्थित दंतेश्वरी मंदिर परिसर से दंतेवाड़ा के लिए पहली बस सुबह 7 बजे और दूसरी बस दोपहर 2 बजे रवाना होगी। वहीं, दंतेवाड़ा स्थित माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर से जगदलपुर के लिए बसें सुबह 10 बजे और शाम 5 बजे प्रस्थान करेंगी। यह व्यवस्था 11, 12, 13, 14 और 15 अक्टूबर को लागू रहेगी।
केवल एकतरफा यात्रा की सुविधा
रोटरी क्लब ने स्पष्ट किया है कि यह सेवा केवल एकतरफा ड्रॉप सुविधा के रूप में उपलब्ध होगी। जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाले यात्रियों को उसी बस से वापस लाने की व्यवस्था नहीं होगी। यात्रियों को अपनी वापसी की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। दंतेवाड़ा से जगदलपुर के लिए निर्धारित बसों का संचालन अलग समयसारिणी के अनुसार होगा और इसे पहले गए यात्रियों की सुनिश्चित वापसी सुविधा नहीं माना जाएगा।
रोटरी क्लब जगदलपुर की यह पहल जनसेवा और धार्मिक आस्था को जोड़ने का प्रयास है। ‘प्रोजेक्ट आशा’ के माध्यम से क्लब का उद्देश्य परिवहन संबंधी परेशानियों से जूझ रहे श्रद्धालुओं को राहत प्रदान करना है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय, प्रस्थान स्थल और एकतरफा यात्रा की शर्तों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं।