November 16, 2026

Join With Us


2100 मेक इन इंडिया ड्रोन से जगमगाएगा काशी का आसमान : 15 मिनट तक दिखेगी शिव महिमा




वाराणसी | न्यूज़ डेस्क | काशी की देव दीपावली इस बार गंगा घाटों के साथ आसमान में भी भव्यता बिखेरेगी। 24 नवंबर को होने वाले आयोजन में पहली बार 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए आसमान में भगवान शिव, शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ मंदिर की आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। करीब 15 मिनट के इस ड्रोन शो में 15 विशेष फॉर्मेशन नजर आएंगे। संगीत और हिंदी वॉयस ओवर के साथ थ्री-डी एनिमेशन से तैयार आकृतियां काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएंगी।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में वाराणसी के राजघाट से नमो घाट तक देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जाएगा। लाखों दीपों की रोशनी के बीच 2100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में पौराणिक प्रसंगों को साकार करेंगे। पर्यटन विभाग ने इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने की तैयारी की है।

शिव तांडव से मां गंगा के अवतरण तक दिखेगी दिव्यता

ड्रोन शो की थीम देव दीपावली पर आधारित होगी। इसमें भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के धरती पर अवतरण के दृश्य दिखाए जाएंगे। इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की आकृतियां भी आसमान में उकेरी जाएंगी। उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो को भी इस प्रस्तुति में शामिल किया जाएगा।

15 फॉर्मेशन में दिखेंगी पौराणिक आकृतियां

करीब 15 मिनट के शो में 15 विशेष ड्रोन फॉर्मेशन तैयार किए गए हैं। थ्री-डी एनिमेशन से बनी आकृतियों को थीम आधारित संगीत और हिंदी वॉयस ओवर के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काशी की आध्यात्मिक विरासत से तकनीक के माध्यम से जोड़ना है।

आस्था और आधुनिक तकनीक का संगम बनेगी देव दीपावली

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि काशी की देव दीपावली आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संगम का वैश्विक उत्सव बन चुकी है। इस बार 2100 स्वदेशी ड्रोन के माध्यम से भगवान शिव, मां गंगा और काशी की पौराणिक विरासत के प्रसंगों को आसमान में जीवंत किया जाएगा। इससे देव दीपावली की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों को नया अनुभव मिलेगा। देव दीपावली कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई जाती है। मान्यता है कि इस दिन देवी-देवता स्वर्ग से धरती पर उतरकर मां गंगा में स्नान करते हैं। इसी मान्यता के चलते इसे देवताओं की दीपावली कहा जाता है। दीपदान और गंगा घाटों की रोशनी इस पर्व को विशेष बनाती है।





Banner
+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement













Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE