वाराणसी | न्यूज़ डेस्क | सावन के महीने की शुरुआत के साथ ही भोलेनाथ के दरबार में भक्तों की हाजिरी बढ़नी शुरू हो गई। लेकिन इस बीच प्रसिद्ध मंदिरों के बाहर कुछ अवसरवादी धोखेबाजों का गुट भी सक्रिय है। वाराणसी में तो पुलिस ने काशी विश्वनाथ जी के बाहर एक स्कैमर को 4 हजार लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। जिसका वीडियो अब वायरल है।
सावन के महीने में ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने का खास महत्व होता है। इसी के चलते लोग दूर-दूर से शिव जी के उन प्रसिद्ध मंदिरों में पहुंचते हैं, जो उनके घर से हजारों किलोमीटर दूर होते हैं। लेकिन कुछ स्थानीय लोग मदद का हाथ बढ़ाने के बजाय इसे धोखे का अवसर समझ लेते हैं। इंटरनेट पर बनारस की जो वीडियो वायरल है, उसमें काशी विश्वनाथ मंदिर के ठीक बाहर एक पुलिस ने एक शख्स को रंगे हाथ धोखेबाजी करते हुए पकड़ा है।
जाहिर-सी बात है, सावन का महीना है, तो भोले बाबा के मंदिर में भक्तों की भीड़ होगी ही होगी। ऐसे में कर्नाटक से आई महिला को एक शख्स ने ऑफर दिया कि वो उन्हें ‘जल्दी दर्शन’ करा देगा। लेकिन इसके वो 4000 रुपये लेगा। कर्नाटक के मैसूर जिले से आई महिला ने यकीन किया और उसे 4000 रुपये दे दिए। फिर क्या था, पैसा मिलते ही भाईसाहब फुर्र हो लिए, उन्हें लगा पुलिस नाम की कोई चीज तो होती नहीं है। 
फिर पुलिस ने पकड़कर किया सीधा
जब महिला ने पुलिस से शिकायत की तो दरोगा जी ने बंदे को पकड़कर महिला के सामने लाया और उसके पहले 4 हजार रुपये UPI करवाए। फिर उसे दर्शन कराने के नाम पर पैसे लेने के अच्छे से डांट लगाई। पुलिसवाले के पूछने पर बंदा अपना नाम कथिततौर पर ‘भजन पांडे’ बताता है। पुलिसवाला उसे कहता है कि ‘4 हजार रुपये लेने का क्या मतलब है? बाहर का आदमी देखकर ठगी कर रहे हो, पूरी दुनिया आराम से दर्शन कर रही है।’ इसके बाद दरोगा जी उस मैडम को खुद दर्शन कराने के लिए ले जाते हैं। इस बीच ‘ठग’ अपने हाथ बांधे खड़ा रहता है। वायरल SHO शिवकांत मिश्रा की इस वीडियो सचिन गुप्ता ने X पर शेयर करते हुए लिखा कि ‘वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर की लाइन में लगी महिला से VIP दर्शन कराने के नाम पर एक दलाल ने 4 हजार रुपए ऑनलाइन वसूल लिए। पुलिस ने कर्नाटक की महिला को 4 हजार रुपए वापस दिलाए और मुफ्त दर्शन करवाए।
कमेंट सेक्शन में यूजर्स अपने तरह-तरह के विचार रखते नजर आ रहे हैं। एक यूजर का कहना है कि भगवान को मानने वाले लोग ऐसे नहीं होते हैं। दूसरे यूजर ने कहा कि हर धार्मिक स्थल पर पुजारियों के वेष में छिपे इन ब्रोकरों ने हद कर रखी है। तीसरे यूजर ने कमेंट किया कि मंदिर गए हैं तो लाइन से दर्शन करे, ना कि पैसों के रोब से। चौथे यूजर ने अपना अनुभव बताया कि ‘भाई आज ही लौटा हू वहां से, 2 दिन से नहीं था। सच में बहुत बुरा हाल है। बहुत स्कैम है, प्रसाद के नाम पर 400 का, वीआईपी दर्शन के नाम पर 30, जबकि VIP दर्शन बंद है। लेकिन गेट नंबर 4 से धड़ल्ले से VIP एंट्री चालू है।’