August 03, 2026

Join With Us


DCM से खिंचकर गिरा बिजली का पोल : 9वीं की छात्रा की मौके पर मौत

डीसीएम में फंसे बिजली के तार, खिंचाव से टूट गया पोल




हरदोई | न्यूज़ डेस्क | जिले के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बिहगवां गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। खरीदारी कर लौट रही छात्रा पर अचानक बिजली का पोल टूटकर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की वजह सड़क से गुजर रही एक डीसीएम में बिजली के तार फंसना बताया जा रहा है। घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

डीसीएम में फंसे बिजली के तार, खिंचाव से टूट गया पोल

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम बिहगवां स्थित एक किराना स्टोर पर पशुओं का दाना लेकर पहुंची डीसीएम के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार वाहन में उलझ गए। चालक को इसकी भनक नहीं लगी और वह वाहन आगे बढ़ाता रहा। तारों में आए तेज खिंचाव से सड़क किनारे लगा बिजली का पोल अचानक टूटकर नीचे गिर गया।

सहेली बच निकली, रागिनी नहीं संभल सकी

उसी समय गांव निवासी किसान अजय शुक्ला की 14 वर्षीय बेटी रागिनी अपनी सहेली कामिनी के साथ खरीदारी के लिए जा रही थी। पोल गिरता देख कामिनी तुरंत एक ओर भाग गई, लेकिन रागिनी संभल नहीं सकी और टूटकर गिरा बिजली का पोल सीधे उसके ऊपर आ गिरा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

कक्षा नौ की मेधावी छात्रा थी रागिनी

रागिनी चंद्रहास सिंह मुन्नी देवी इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। वह चार बहनों और दो भाइयों में दूसरे नंबर पर थी तथा पढ़ाई में बेहद मेधावी मानी जाती थी। उसके पिता अजय शुक्ला किसान हैं। बेटी की असमय मौत के बाद मां साधना समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही बेहटा गोकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के लिए लापरवाही किस स्तर पर हुई।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हादसे का लाइव वीडियो

घटना का सीसीटीवी/लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि रागिनी और उसकी सहेली सड़क पर चल रही हैं। इसी दौरान बिजली का पोल अचानक उनकी ओर गिरता है। कामिनी तो किसी तरह किनारे हट जाती है, लेकिन रागिनी पोल की सीधी चपेट में आ जाती है और उसे बचने का कोई मौका नहीं मिल पाता।




+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement









Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE