हिंगणघाट । न्यूज डेस्क । यहां के यशवंत महाविद्यालय के विधि विभाग के छात्र एहतेशाम इब्राहिम बख्श ने पाँच वर्षीय एल.एल.बी. अभ्यासक्रम में इस वर्ष भी अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कायम रखते हुए महाविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विशेष बात यह है कि उन्होंने लगातार पाँचों वर्ष कॉलेज टॉपर रहकर एक उल्लेखनीय कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर यशवंत ग्रामीण शिक्षण संस्था द्वारा आयोजित गुणवंत छात्र सम्मान समारोह में संस्था के अध्यक्ष समीर देशमुख के हाथों एहतेशाम को स्मृति चिह्न एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख अतिथि के रूप में वर्धा जिला परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोमन, महाविद्यालय के प्राचार्य ठाकरे सर, संचालक शशांक घोड़मारे, प्रो. सिंघम मैडम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
एहतेशाम हिंगणघाट के प्रसिद्ध अधिवक्ता अॅड. इब्राहिम हबीब बख्श के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर शहर के मित्रों, शुभचिंतकों और चाहने वालों ने उनका अभिनंदन किया है।