अमृतसर | हरमीत कौर | मानवता को शर्मसार करने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने समाज के दामन पर काला धब्बा लगा दिया | एक तरफ हम सभ्य समाज होने का दंभ भरते हैं, बेटा और बेटी को एक समान बताते हैं वहीं दूसरी ओर पंजाब के अमृतसर में कूड़े के ढेर पर एक नवजात का भ्रूण मिलने से यह सवाल उठता है कि हमारी संवेदनाएं किस हद तक मर चुकी हैं | 
सड़क के बीच कूड़े के ढेर पर एक बच्चे का भ्रूण पड़ा था, तभी वहां से गुजर रहे एक युवक ने अचानक उसे देखा | पुलिस को इसकी सूचना दी | सूचना मिलते ही, पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया | पुलिस ने भ्रूण को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है |
मौके पर मौजूद युवक रिक्की ने बताया, "मैं इस जगह से गुजर रहा था, तभी मैंने देखा कि कुत्तों ने बच्चे के भ्रूण को घेर रखा है और लोग वीडियो बना रहे हैं | मैंने तुरंत समझदारी दिखाते हुए कुत्तों को वहां से भगाया और इस घटना की सूचना पुलिस को दी | "
पुलिस, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि इस घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान की जा सके | इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी | मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए | लोग इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं |
स्थानीय लोगों ने घटना की कड़ी निंदा की और पुलिस से तत्काल कार्रवाई करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की अपील की मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने कहा कि 'मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जैसे ही आरोपी की पहचान होगी, उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी | ' उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि अगर किसी के पास इस संबंध में कोई जानकारी हो तो वे पुलिस को बताएं |