मुंबई । न्यूज डेस्क । मुंबई के वर्ली इलाके में एक 52 साल के शख्स की ‘स्पा’ के अंदर दो अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर शख्स को मौत के घाट उतार दिया था । अब इस मामले में कई सारे खुलासे हो रहे हैं । पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान गुरु वाघमारे के रूप में हुई है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे ।
स्पा’ में ‘हिस्ट्रीशीटर’ की हत्या के सिलसिले में पुलिस ने पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है । गिरफ्तार किये गए व्यक्तियों में स्पा का मालिक और राजस्थान के कोटा के तीन लोग शामिल हैं । अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार-बुधवार की रात दो लोगों ने 52 साल के गुरु वाघमारे की हत्या स्पा के अंदर कर दी । उन्होंने बताया कि वाघमारे खुद को पुलिस का खबरी और सूचना का अधिकार कार्यकर्ता बताता था, हालांकि उसके खिलाफ बलात्कार और जबरन वसूली समेत कई मामले दर्ज थे । 
पुलिस ने बताया कि वाघमारे ने ऐसे 22 लोगों के नाम गुदवाए थे, जो उसे नुकसान पहुंचा सकते थे । एक अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि उसने अपनी जांघों पर अपने दुश्मनों के नाम गुदवाये हुए थे, जिससे उसे अपनी सुरक्षा को लेकर डर था । एक अधिकारी ने बताया, "वर्ली पुलिस ने स्पा के मालिक को पकड़ लिया है। " उन्होंने बताया कि पालघर जिले के नालासोपारा से 26 साल के मोहम्मद फिरोज अंसारी और राजस्थान के कोटा से साकिब अंसारी और दो अन्य संदिग्धों के साथ गिरफ्तार किया गया है । पुलिस अधिकारी ने कहा, "यह सुपारी देकर हत्या कराने का मामला है । स्पा मालिक ने कथित तौर पर आरोपियों को वाघमारे की हत्या करने की सुपारी दी थी । "
पुलिस के मुताबिक मुंबई के विले पार्ले का रहने वाला वाघमारे नियमित रूप से वर्ली नाका स्थित स्पा में जाता था और वहां काम करने वाले लोग उसे जानते थे । पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम को जब वाघमारे स्पा गया, तो उसकी 21 साल की गर्लफ्रेंड ने और तीन पुरुष मित्रों ने पार्टी देने के लिए कहा, क्योंकि उसने हाल ही में अपना जन्मदिन मनाया था । पुलिस ने बताया कि इसके बाद पांच लोगों का ग्रुप पार्टी के लिए सायन के एक होटल में गया ।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात करीब 12.30 बजे वे सभी होटल से पार्टी करके स्पा में वापस आ गए । पुलिस ने बताया कि कुछ देर बाद तीनों लोग चले गए, जबकि वाघमारे और उसकी गर्लफ्रेंड वहीं रुक गए । पुलिस ने बताया कि करीब दो घंटे बाद दो अलग-अलग लोग स्पा में आए और वाघमारे पर धारदार हथियारों से हमला करके मार डाला, घटना की सूचना पुलिस को रात 2.30 बजे दी गई । पुलिस मौके पर पहुंची और वाघमारे को खून से लथपथ पाया. उसका गला रेता गया था ।
जिस वाघमारे का कत्ल हुआ, वो एक हिस्ट्रीशीटर था । पुलिस के मुताबिक, उसके ऊपर रेप, रंगदारी और हत्या की कोशिश सहित संगीन धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज थे ।