रायपुर | विक्की चौहान | छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में गुरु-शिष्य परंपरा को कलंकित करने का मामला सामने आया है। लखनपुर सरकारी स्कूल में एक शिक्षक ने 9वीं की छात्रा के साथ अश्लील हरकत करते हुए रेप की धमकी दे डाली। वहीं स्कूल की अन्य छात्राओं को मोबाइल में अश्लील फोटो दिखाकर गलत हरकत करने लगा। डीईओ ने शिकायत के बाद शिक्षक को निलंबित कर दिया है। वहीं लखनपुर पुलिस थाने में शिकायत के बाद भी शिक्षक पर केस दर्ज नहीं किया है। आक्रोशित पालक एसपी से मिलने की बात कह रहे हैं।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर में 31 मार्च को परीक्षा के दौरान 9वीं कक्षा की छात्रा के साथ सहायक शिक्षक राजकुमार सिंह पैकरा ने अश्लील हरकत की और दुष्कर्म करने की धमकी दी। घटना के बाद डरी व मानसिक रूप से परेशान छात्रा ने शिक्षक के हरकत की जानकारी अपने परिवार को दी। 1 अप्रैल को छात्रा के परिजनों ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंच कर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य आरके विश्वकर्मा से इसकी शिकायत की।
प्राचार्य ने जिला शिक्षा अधिकारी को इस बात से अवगत कराया। डीईओ के निर्देश पर प्राचार्य द्वारा 4 अप्रैल को लखनपुर थाने पहुंच सहायक शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवेदन दिया गया है, लेकिन लखनपुर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है।
आरोपी शिक्षक पिछले कई माह से छात्राओं के साथ गलत हरकत कर रहा था। छात्राओं द्वारा बदनामी के भय से इसकी शिकायत नहीं की जा रही थी। छात्रा को रेप की धमकी के बाद छात्रा ने हिम्मत करके घटना की जानकारी परिजनों को दे दी, जिसके बाद यह मामला सामने आया।
इस मामले में शिक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए चार सदस्यीय टीम बनाई गई थी। टीम द्वारा स्कूल पहुंचकर वहां पर छात्राओं के बयान लिए गए, जिसके बाद शिक्षक पर लगे आरोप प्रमाणित होने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने सहायक शिक्षक राजकुमार सिंह को निलंबित कर दिया है।