उत्तर प्रदेश | न्यूज़ डेस्क | कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ते ही प्रदेश सरकार ने सोमवार से स्कूल-कॉलेज खोलने की तैयारी कर ली है। इसका औपचारिक आदेश रविवार को जारी होगा। ऐसी संभावना है कि शिक्षण संस्थानों में फिलहाल कक्षा नौ से ऊपर की कक्षाओं के विद्यार्थियों को ही बुलाया जाएगा। इसके अलावा कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखने की शर्त बनी रहेगी।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि सोमवार से स्कूल-कॉलेज खोलने पर विचार किया जा रहा है। इससे पहले कोरोना की तीसरी लहर के कारण प्रदेश सरकार ने सभी शिक्षण संस्थानों को छह फरवरी तक बंद करने का निर्देश जारी किया था। इस अवधि में स्कूल-कॉलेजों को सिर्फ ऑनलाइन कक्षाएं चलाने की अनुमति दी गई थी।
शासन ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों को पहले चार जनवरी से 16 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया था। बाद में इसे 23 जनवरी, फिर 30 जनवरी और छह फरवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया। हालांकि प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों में 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश पहले से घोषित था। कोरोना के प्रसार के कारण इन स्कूलों को शीतकालीन अवकाश के बाद बंद कर दिया गया। कुछ प्रतिबंधों के साथ शादी समारोह में ज्यादा लोगों को शामिल होने की छूट मिल सकती है।
शासन के एक अधिकारी ने बताया कि स्कूल-कॉलेज केंद्र सरकार की गाइड लाइन के तहत खोले जाएंगे। इसके तहत स्कूल परिसर को साफ रखने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और मास्क पहनकर फेस कवर करने की शर्त अनिवार्य होगी। स्कूल में भीड़ जुटने वाले कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाने की शर्त भी होगी। इससे पहले सरकार ने अभियान चलाकर स्टाफ व शिक्षकों का टीकाकरण कराया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के बाद से ही यह संभावना जताई जा रही थी कि अब स्कूल-कॉलेज खोले जाएंगे। गोरखपुर में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि कोरोना की तीसरी लहर को तरीके से कंट्रोल कर लिया गया है। अब स्कूल-कॉलेज भी खोले जा सकते हैं।
कोरोना संक्रमण को लेकर बिहार में लागू पाबंदियों को लेकर राज्य के मुख्य सचिव आमिर सुबहानी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आपदा प्रबंधन समूह की बैठक हुई। इसमें 7 फरवरी से स्कूल-कॉलेजों को खोलने समेत अन्य पाबंदियों में छूट देने को लेकर गहन मंथन हुआ। 7 फरवरी के पहले इस पर अंतिम निर्णय ले लिया जाएगा।
दिल्ली में स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान 7 फरवरी से फिर से खुलेंगे। पहले 7 फरवरी से 9वीं से 12वीं कक्षा के बच्चों को स्कूल बुलाया जाएगा। नर्सरी से 8वीं तक की कक्षा के लिए स्कूल 14 फरवरी से खुलेंगे। हालांकि ऑनलाइन कक्षाएं भी चलती रहेंगी। दिल्ली से पहले राजस्थान, हरियाणा, झारखंड, पुणे, बेंगलुरु, मध्य प्रदेश में स्कूल खुल चुके हैं। उत्तराखंड में स्कूल 7 फरवरी से खुलने वाले हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा था कि 11 राज्यों में स्कूल पूरी तरह से खुले हैं। वहीं, 16 राज्यों में उच्च कक्षाओं के लिए आंशिक रूप से स्कूल खुले हुए हैं और नौ राज्यों में अभी भी बंद हैं।