बिहार | न्यूज़ डेस्क | खान सर का आरआरबी एनटीपीसी सीबीटी-1 परीक्षा परिणाम के विश्लेषण का एक वीडियो देशभर में जमकर वायरल हो रहा है। इसमें खान सर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों और युवाओं को आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा परिणाम का कथित गड़बड़झाला, अपने हक के लिए लड़ने और आंदोलन करने के तौर-तरीके समझा रहे हैं। वीडियो को उकसाने वाला मानकर प्रशासन ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और कार्रवाई भी शुरू कर दी है। इन सबके बीच, जो सबसे खास चीज है वह है खान सर का पढ़ाने का अंदाज। और साथ ही खान सर से जुड़े कुछ सवाल, जिनके जवाब सब जानना चाहते हैं। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में जन्म लेने वाले खान सर कैसे पटना वाले खान बन गए? आइए जानते हैं खान सर से जुड़ी रोचक जानकारी-
- यू-ट्यूब की दुनिया के चर्चित शिक्षकों में से एक हैं खान सर
बिहार के पटना वाले खान सर यू-ट्यूब की दुनिया के चर्चित शिक्षकों में से एक हैं। उनका चैनल खान जीएस रिसर्च सेंटर लोकप्रिय है। इसके करीब 1.45 करोड़ फॉलोवर्स हैं। वे करेंट अफेयर्स और जीएस के टॉपिक्स को इतनी सरलता से समझाते हैं कि हर कोई उनका दीवाना है। वे पढ़ाते वक्त विद्यार्थियों और उम्मीदवारों से ठेठ देसी बिहारी अंदाज में ही बात करते हैं।
खान सर की लोकप्रियता इसी से समझी जा सकती है कि उनके हर वीडियो को देखने वालों की संख्या लाखों में है। खान सर के कई वीडियो को दो से तीन करोड़ बार से ज्यादा देखा गया है। उनका जेल कैसी होती है और जेल के अंदर क्या-क्या होता है वीडियो 4.4 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया है।
खान सर का असली नाम क्या है? यह एक पहेली बना हुआ है। वे कभी अपना पूरा नाम नहीं लिखते हैं। कुछ लोग उनका नाम फैसल खान बताते हैं तो कुछ उन्हें अमित सिंह बताते हैं। मीडिया रिपोर्टों में भी इस संबंध में कोई एक राय नहीं है। वे अपने नाम से नहीं अपने काम से जाने जाते हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, खान सर का जन्म दिसंबर,1993 में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हुआ था।
खान सर के पढ़ाने के अंदाज को लेकर यह पहली बार नहीं है कि वे विवादों में फंसे हों। इससे पहले भी वे कहीं बार कभी पंचर बनाने, पाकिस्तान में फ्रांस के राजदूत देश से निकालने को लेकर मिस्ट्री समझाते हुए, समुदाय विशेष में ज्यादा बच्चे पैदा करने को लेकर टिप्पणी के मामले में सुर्खियों में रहे थे। तब भी उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी थी।