नई दिल्ली | गुरमीत सिंह | देश की राजधानी दिल्ली के रंजीत नगर इलाके में 22 अक्टूबर को सात साल की बच्ची के साथ हुए रेप के मामले में 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है | दिल्ली पुलिस ने उसे हरियाणा के कलानौर से गिरफ्तार किया है |
यही नहीं, इससे पहले वह एक नाबालिग लड़की से कथित रूप से छेड़छाड़ करने के आरोप में जेल गया था और कुछ समय पहले जमानत पर छूटा था | वहीं, दिल्ली पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 50 सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद डोर टू डोर उसकी पहचान की कवायद की थी |दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार की है |
जब लड़की अपने घर के बाहर खेल रही थी, तब आरोपी ने उसे मिठाई खरीदने का लालच दिया था | साथ ही पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान वह दो अन्य बच्चों को भी फॉलो कर रहा था, लेकिन वे अपने घर में घुस गए |इस दौरान आरोपी सात साल की बच्ची को फॉलो करता रहा है और फिर वह लालच में आकर उसके साथ चली गई | इसके बाद आरोपी ने एक कमरे में ले जाकर उसके साथ रेप करने के साथ किसी को कुछ नहीं बताने की हिदायत दी थी|
यही नहीं, रेप के बाद आरोपी ने बच्ची को उसके घर के पास भी छोड़ा था | इसके बाद मासूम ने अपनी मां को आपबीती बताई थी | फिर बच्ची की मां ने उसके पिता को पूरा मामला बताया, तो वह भागा भागा घर आया | वहीं, उसने पुलिस को सूचना दी |
दर्द से कराहती बच्ची को लेकर पांच अस्पताल भटकता रहा पिता यही नहीं, दर्द से कराहती बेटी को लेकर बेबस पिता दिल्ली के 5 नामचीन अस्पतालों के बीच करीब 15 किमी और ढाई घंटे तक चक्कर काटता रहा, लेकिन इलाज देने के बजाय उसे दूसरे अस्पतालों में टरकाया जाता रहा | वह पहले सरदार पटेल अस्पताल गया, लेकिन यहां खून से लथपथ बच्ची को भर्ती नहीं किया गया |
इसके बाद वह लेडी हार्डिंग अस्पताल, फिर कलावती और फिर लेडी हार्डिंग एंबुलेंस भटकता रहा | आखिर में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मासूम को भर्ती कराया गया और अभी बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है | वह सुबह साढे दस बजे से भटक रहा था और दोपहर करीब 1:30 से मासूम को भर्ती करवा सका |
बेटे की मौत से उभरा नहीं था रिक्शा चालक पिता कि जानकारी के मुताबिक, सात साल की बच्ची का पिता माल ढोने वाला रिक्शा चलाता है | वहीं, मां घरों में साफ-सफाई का काम करती है | जबकि बच्ची की 11 महीने की एक छोटी बहन भी है | वहीं, पिछले साल दिल में छेद होने की वजह से सात साल के बेटे की मौत हो गई थी, जिसने ऑपरेशन के बाद जीबी पंत अस्पताल में दम तोड़ दिया था |
बच्ची के पिता ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह गुरुद्वारे में लंगर लेने गई थी | उसने एक बार लंगर लेकर घर पहुंचाया और उसके बाद दोबारा चली गई | इसके बाद वापस लौटने पर खून से लथपथ थी | वहीं, इस घटना के बाद बच्ची का परिवार टूट गया है, तो मां का रो रोकर बुरा हाल है |
दिल्ली महिला आयोग ने 7 साल की बच्ची से रेप के मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है | आयोग को 22 अक्टूबर को दिल्ली के रंजीत नगर इलाके में एक बच्ची के साथ रेप की सूचना मिली थी | डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने मामले पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया |
मालीवाल ने कहा कि मैं इस घटना से बहुत दु:खी हूं | यह बड़ी चिंता और शर्म की बात है कि हमें छोटे बच्चों के साथ बार-बार होने वाले यौन हमले के ऐसे मामलों से गुजरना पड़ रहा है | यह व्यवस्था की पूर्ण विफलता है जो छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामलों को रोकने में असमर्थ है |