राजस्थान | न्यूज़ डेस्क | राजस्थान में बहुप्रतिक्षित पटवारी चयन परीक्षा शनिवार से शुरू हो रही है | 23 और 24 अक्टूबर को 5हजार 378 पदों के लिए पटवारी चयन परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है | इस भर्ती परीक्षा में दोनों ही दिन सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक पहली पारी, जबकि 2:30 से शाम 5:30 बजे तक दूसरी पारी में परीक्षा ली जाएगी | इसके लिए 15 लाख 62 हजार 995 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं |
परीक्षार्थियों की इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए सुचारू व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौती है | हालांकि परीक्षा को लेकर पहले से ही कई गाइड लाइन सरकार की ओर से जारी कर दी गई है | अभ्यर्थी 22 से 26 अक्टूबर तक रोडवेज की बसों में मुफ्त में यात्रा कर सकते हैं |
राजस्थान में पिछले महीने हुई रीट और सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में धांधली के कई मामले सामने आए | इसके बाद राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड पटवारी परीक्षा में पूरी सतर्कता बरने की तैयारी में है | राज्य के 23 जिलों में परीक्षा केंद्रों पर सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच होगी | इसके बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में एंट्री मिलेगी | संदिग्ध परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं |
यहां संदिग्ध छात्रों की विशेष मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी करने का दावा किया गया है | इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ फ्लाइंग स्क्वायड, ऑब्जर्वर, केंद्र अधीक्षक और आंतरिक सतर्कता दल के साथ विशेष निगरानी दल बनाया गया है |
बोतल रखने पर भी रोक
कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से पटवारी परीक्षा के लिए ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है | ड्रेस कोड का पालन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र में एंट्री नहीं मिलेगी परीक्षा के दौरान पानी की बोतल, पर्स, बैग, ज्योमैट्री, पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, पैन ड्राइव, रबर, टेबल स्कैनर, कैल्कुलेटर, तख्ती, पैड, गत्ता, किताबें, नोटबुक, पर्चियां, व्हाइटनर लाने पर रोक लगा दी गई है | इसके साथ ही डेढ़ घंटे पहले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्रों पर रिपोर्टिंग करनी होगी |
नकल करने पर 7 साल की सजा
भर्ती परीक्षा में नकल पर अंकुश लगाने के लिए चयन बोर्ड सख्ती के मूड में है. परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बरतने या नकल करते पकड़े जाने पर पर अभ्यर्थी के खिलाफ 1992 अधिनियम के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें दोषी पाए जाने पर अभ्यर्थी को 7 साल तक जेल की सजा हो सकती है |
राजस्थान के 33 में से सिर्फ 23 जिलों में ही परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है | बाड़मेर, चूरू, धौलपुर, जैसलमेर, जालौर, झुंझुनूं, करौली, पाली, प्रतापगढ़ और सीकर में परीक्षा का आयोजन नहीं किया गया है | 23 अक्टूबर को पंचायत चुनाव को देखते हुए अलवर में भी परीक्षा का आयोजन नहीं होगा. हालांकि 24 अक्टूबर को अलवर में परीक्षा का आयोजन कराया जाएगा |