मुंबई | ऋषि भट्ट | देश के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में दाखिले के लिए होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड 2021 का परिणाम शुक्रवार सुबह घोषित कर दिया गया। इस बार परीक्षा में 41862 छात्र-छात्राओं को पास किया गया है।
जेईई एडवांस्ड के पेपर 1 और पेपर 2, दोनों परीक्षाओं में कुल 1,41,699 छात्र छात्राओं ने हिस्सा लिया था। कुल उत्तीर्ण हुए 41,862 अभ्यर्थियों में 6452 लड़कियां हैं। यानी इस बार एडवांस्ड की परीक्षा में पास हुए अभ्यर्थियों में 15.41 फीसदी लड़कियां शामिल हैं।
मृदुल अग्रवाल बने टॉपर
जेईई एडवांस की परीक्षा में बालक और बालिकाओं दोनों वर्ग मैं आईआईटी दिल्ली रीजन के अभ्यर्थियों ने टॉप किया है। आईआईटी दिल्ली रीजन के मृदुल अग्रवाल ने न केवल परीक्षा में टॉप किया बल्कि जेईई प्रवेश परीक्षा में बेहतरीन स्कोर हासिल कर इतिहास रच दिया है। परीक्षा में 360 में से 348 अंकों के साथ मृदुल ने 96.66 फीसदी अंकों के साथ टॉप किया है।
यह 2011 के बाद से जेईई एडवांस परीक्षा में किसी छात्र द्वारा बनाए गए उच्चतम स्कोर है। पिछले एक दशक में, उच्चतम स्कोर 96 फीसदी रहा है। जब वर्ष 2012 में टॉपर ने कुल 401 में से 385 स्कोर किया था। वहीं 2020 में, जेईई एडवांस परीक्षा 396 अंकों की थी और उच्चतम अंक 352 थे, जो लगभग 88.88 फीसदी है।
बता दें कि मृदुल ने जेईई मेन 2021 की परीक्षा में भी टॉप किया था। उन्होंने सत्र 1 और सत्र 2 में 300 अंकों के साथ 100 पर्सेंटाइल हासिल किया था। लड़कियों के वर्ग में आईआईटी दिल्ली जोन की ही काव्या चोपड़ा ने पहला स्थान हासिल किया है। उन्हें 360 में 286 अंक मिले हैं।
जानिए कैसे चेक करें JEE Advanced result 2021
चरण 1: आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाएं।
चरण 2: होम पेज पर, ‘JEE Advanced result 2021’ लिंक पर क्लिक करें।
चरण 3: अपना वेलिड रोल नंबर, जन्म तिथि और फोन नंबर दर्ज करें।
चरण 4: सबमिट बटन पर क्लिक करें।
चरण 5: स्क्रीन पर, जेईई एडवांस्ड रिजल्ट 2021 पर खुल जाएगा, रिजल्ट चेक करें।
चरण 6: इसे डाउनलोड करें और आगे के लिए पीडीएफ डाउनलोड करके अपने पास रखें।