भोपाल | न्यूज़ डेस्क | ग्वालियर के सेंट्रल जेल में बंद शराब कारोबारी का बेटा अनिकेत शिवहरे जेल के अंदर पार्टी कर रहा है। जेल के अंदर दोस्तों के साथ पार्टी की फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। यह फोटो वीडियो पार्टी में शामिल एक युवक द्वारा अपलोड किए गए थे। मजेदार बात यह है कि जेल में शराब कारोबारी को पार्टी की आजादी देने के आरोपी जेल अधीक्षक ही इस मामले की जांच कर रहे हैं।
जेल के अंदर शराब कारोबारी के बेटे की सेल्फी- स्माइल प्लीज
सोमवार दोपहर पुलकित शर्मा नामक एक युवक की इंस्टाग्राम ID से सोशल मीडिया पर दो छोटे-छोटे वीडियो वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो ग्वालियर सेन्ट्रल जेल के हैं। यहां सलाखों के पीछे एक लड़का खड़ा है जो मुलाकात करने वालों से बात कर रहा है। इसी बीच उससे मिलने पहुंचे करीब 3 से 4 लड़के उससे कहते हैं स्माइल प्लीज फिर फोटो खींचने लगते हैं। वह जेल में अंदर सेल्फी लेते हैं, वीडियो बनाते हैं। बताया जा रहा है कि यह मुलाकात सोमवार दोपहर 12 बजे से पहले हुई है।
दुश्मनों को फंसाने खुद पर झूठा हमला करवाया था
गांधी नगर निवासी अनिकेत शिवहरे शराब कारोबारी का बेटा है। कुछ समय पहले उसने क्राइम सीरियल देखकर एक साजिश रची थी। उसने अपने ही दोस्तों के साथ प्लानिंग कर खुद पर गोलियां चलवाई और हमला करवाया। इस मामले में उसने अपने कुछ दुश्मनों का फंसाया। पुलिस ने अनिकेत के कहने पर हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज कर लिया है। इनके नाम अनिकेत ने FIR में लिखाए थे उनको पुलिस ने उठाया तो पता लगा कि घटना के समय वह भिंड में थे और उनके घर पर कार्यक्रम था।
टोल से लेकर घर तक के CCTV कैमरे के फुटेज पुलिस कप्तान के सामने पेश किए। इसके बाद इस झूठे हमले का खुलासा हुआ। अनिकेत को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरा मामला खुल गया। उल्टा अनिकेत और उसके दोस्तों पर मामला दर्ज किया गया। अनिकेत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। पुलिस अन्य दोस्तों की भूमिका की जांच कर रही है। इस जांच के घेरे में यह पुलकित भी है।